Publish Date: Thu, 24 Aug 2017 (22:59 IST)
Updated Date: Thu, 24 Aug 2017 (23:02 IST)
ग्लास्गो। ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधु और किदाम्बी श्रीकांत ने यहां विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप की एकल स्पर्धाओं के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले 2013 और 2014 में इस चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी सिंधु ने महिला एकल के बेहद कड़े मुकाबले में कुछ विषम पलों से गुजरने के बाद हांगकांग की चेयुंग नगान यी को 19-21 23-21 21-17 से हराया। यह रोमांचक मैच एक घंटे 27 मिनट तक चला।
इस 20 वर्षीय भारतीय ने पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम में 13-16 से पिछड़ने के बाद वापसी की। उनका अगला मुकाबला चीन की पांचवीं वरीयता प्राप्त सुन यू से होगा। श्रीकांत ने हालांकि आसानी से क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
उन्होंने पुरुष एकल में डेनमार्क के आंद्रेस एंटोनसेन को सीधे गेम में हराया। लगातार 12 मैच जीत चुके श्रीकांत ने विश्व में 18वें नंबर के एंटोनसेन को 21-14 21-18 से हराया। विश्व में दसवें नंबर के भारतीय का सामना अब शीर्ष वरीयता प्राप्त और विश्व के नंबर एक कोरियाई खिलाड़ी सोन वान हो से होगा। (भाषा)