Publish Date: Tue, 15 Dec 2015 (23:55 IST)
Updated Date: Tue, 15 Dec 2015 (23:57 IST)
लुधियाना। सत्यव्रत कादियान ने निर्णायक मुकाबले में गुरपाल सिंह को हराकर उत्तर प्रदेश वॉरियर्स को मंगलवार को यहां दिल्ली वीर पर 4-3 की जीत दिलाई, जो पेशेवर कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) में टीम की पहली जीत है।
दिल्ली वीर की यह लगातार दूसरी हार है। टीम को पहले मैच में हरियाणा हैमर्स के खिलाफ 2-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
मुकाबले की शुरुआत पुरुष 57 किग्रा वर्ग से हुई, जिसमें विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता बेखबायर एरदेनेबात ने वॉरियर्स के जयदीप को 4-3 से हराकर दिल्ली को 1-0 की बढ़त दिलाई।
सरिता ने हालांकि महिला 58 किग्रा में दिल्ली की तुर्की की अनुभवी पहलवान येसिलिमाक एलिफ जेल को 1-0 से हराकर वॉरियर्स को बराबरी दिला दी।
कृष्ण कुमार ने पुरुष 125 किग्रा में जोगिंदर को हराकर दिल्ली को दोबारा बढ़त दिलाई जबकि विनेश फोगाट ने महिला 48 किग्रा में कोगुत ओलेक्सांद्रा को 11-0 से हराकर दिल्ली को 3-1 से आगे किया। वॉरियर्स ने हालांकि अंतिम तीन मैच जीतकर मुकाबला जीत लिया।
वॉरियर्स के विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता पुरेवजाविन अनुरबात ने पुरुष 74 किग्रा में दिनेश कुमार को 5-0 से हराकर दिल्ली की बढ़त को कम किया जबकि बबिता कुमारी ने महिला 53 किग्रा में लिलिया होरिशना को करीबी मैच में 13-12 से हराकर वॉरियर्स को बराबरी दिला दी। पुरुष 97 किग्रा में कादियान ने गुरपाल को हराकर वॉरियर्स की जीत सुनिश्चित की। (भाषा)