Publish Date: Mon, 11 Sep 2017 (10:16 IST)
Updated Date: Mon, 11 Sep 2017 (10:20 IST)
नई दिल्ली। राफेल नडाल ने केविन एंडरसन को रविवार को खेले गए अंतिम मुकाबले में 6-3, 6-3, 6-4 से करारी शिकस्त देकर यूएस ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया। 31 साल के नडाल 16वीं बार ग्रैंडस्लैम सिंगल्स का खिताब जीतने वाले टेनिस खिलाड़ी बन गए हैं। बता दें कि नडाल अब सबसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम जीतने की होड़ में स्विस स्टार रोजर फेडरर से 3 खिताब पीछे हैं। फेडरर के नाम रिकॉर्ड 19 ग्रैंडस्लैम खिताब हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को नडाल ने सेमीफाइनल में अर्जेंटीना के जुआन मार्टिन डेल पोट्रो को हराया। इस मैच में नडाल ने क्वार्टर फाइनल में स्विस स्टार रोजर फेडरर का पत्ता साफ करने वाले पोट्रो को 2 घंटे 31 मिनट तक चले मैच में 4-6, 6-0, 6-3, 6-2 से मात दी।
फाइनल में नडाल से भिड़ने वाले एंडरसन ने दूसरे सेमीफाइनल में स्पेन के पाब्लो कारेनो को 4-6, 7-5, 6-3, 6-4 से हराते हुए पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में जगह बनाई थी। यह नडाल के करियर का 23वां ग्रैंडस्लैम फाइनल था।
इस जीत के बाद नडाल ने करियर में 16 ग्रैंडस्लैम अपने नाम कर लिए हैं। वे इससे पहले 3 बार अमेरिकी ओपन के फाइनल में पहुंचे हैं और 2 बार खिताब जीत चुके हैं। तीनों बार उनका सामना सार्बिया के नोवाक जोकोविक से हुआ था। 2010 और 2013 में नडाल ने जीत हासिल की थी जबकि 2011 में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। (एजेंसी)