Publish Date: Wed, 17 Feb 2016 (17:35 IST)
Updated Date: Wed, 17 Feb 2016 (17:37 IST)
खेल में खेल भावना का होना आवश्यक है। कई बार खेल का मैदान जंग का मैदान बन जाता है। ऐसी ही खबर अर्जेंटीना से आ रही है, जहां एक मैच के दौरान रेफरी ने जब एक खिलाड़ी को रेड कार्ड दिखाया तो खिलाड़ी मैदान के बाहर गया और अपने बैग से बंदूक निकालकर रेफरी पर चलानी शुरू कर दी। इससे मौके पर ही रेफरी की मौत हो गई। रेफरी की हत्या करने के बाद खिलाड़ी मौके से फरार हो गया। यह घटना अर्जेंटीना के कॉरडोबा प्रोविंस में खेले गए मैच के दौरान हुई।
एक अंग्रेजी वेबसाइट के मुताबिक अनुसार रेड कार्ड दिखाए जाने के बाद खिलाड़ी अपने बैग से गन लेकर मैदान पर आया और 48 वर्षीय रेफरी सीजर फ्लोरिस पर गोलियों की बौछार शुरू कर दी। गोली रेफरी के सिर, सीने और गर्दन पर लगी। खबरों के अनुसार स्थानीय पुलिस ने बताया कि रेफरी की हत्या का वास्तविक कारण क्या रहा ये तो अभी पता नहीं, लेकिन खिलाड़ी काफी गुस्से में था और उसने अपने बंदूक से रेफरी की हत्या कर दी।
फरार खिलाड़ी को पुलिस तलाश कर रही है। बताया जाता है कि घटना में एक अन्य खिलाड़ी भी घायल हुआ। हालांकि उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है। अर्जेंटीना में इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।