Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

रियो में श्रीकांत ने जीता पहले मुकाबला

हमें फॉलो करें रियो में श्रीकांत ने जीता पहले मुकाबला
रियो डि जेनेरियो , शुक्रवार, 12 अगस्त 2016 (11:30 IST)
रियो डि जेनेरियो। विश्व के 11वें नंबर के खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने रियो ओलंपिक के पुरुष एकल बैडमिंटन के अपने पहले मैच के दूसरे गेम में मैक्सिको के लिनो मुनोज से मिली कड़ी चुनौती से उबरते हुए सीधे गेम में मैच जीत लिया।
 
ग्रुप एच के मैच में श्रीकांत ने विश्व के 85 वें नंबर के खिलाड़ी मुनोज को 41 मिनट चले मुकाबले में 21-11, 21-17 से हराया। श्रीकांत बैडमिंटन एकल में हिस्सा ले रहे भारत के एकमात्र पुरुष खिलाड़ी हैं।
 
इससे पहले साइना नेहवाल और पीवी सिंधू ने भी महिला एकल में अपने पहले मैच जीत लिए जबकि ज्वाला गुट्टा-अश्विनी पोनप्पा (महिला युगल) और मनु अत्री-बी सुमीत रेड्डी (पुरुष युगल) की जोड़ियों को अपने ग्रुप के पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा।
 
2 साल पहले बैडमिंटन के सुपरस्टार लिन डैन को हराकर चाइना ओपन का खिताब जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी को मैक्सिको के प्रतिद्वंद्वी ने दूसरे गेम में कड़ी टक्कर दी। मैक्सिको के खिलाड़ी को दर्शकों का खूब समर्थन मिला।
 
पहला गेम आसानी से जीतने के बाद दूसरे गेम में श्रीकांत ने शुरुआत में 6-2 की लीड हासिल कर ली लेकिन मैक्सिको के खिलाड़ी ने स्कोर बराबर कर दिया और फिर 8-6 से आगे हो गया। इसके बाद श्रीकांत ने वापसी कर स्कोर बराबर कर लिया और ब्रेक के समय 11-9 की लीड हासिल कर ली। 
 
लेकिन विरोधी खिलाड़ी की सर्विस पर कई खराब रिटर्न के कारण वे 11-12 से फिर पीछे हो गए। इसके बाद स्कोर 13-13 से बराबर हो गया फिर मुनोज ने 16-13 की बढ़त बना ली। श्रीकांत ने फिर स्कोर 16-16 कर लिया। इसके बाद वह 16-17 से पीछे हो गए और फिर अपने विरोधी के फोरहैंड साइड पर एक शानदार स्मैश लगाकर स्कोर 17-17 कर लिया।
 
इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 19-17 की बढ़त बना ली जिसके बाद उनके विरोधी ने नेट पर शॉट मारकर उन्हें 1 और अंक की बढ़त दिला दी। इसके बाद अगला अंक श्रीकांत के खाते में गया और उन्होंने मुकाबला जीत लिया। 2 दिन के आराम के बाद श्रीकांत अब 14 अगस्त को ग्रुप एच के अपने दूसरे मैच में विश्व के 50वें नंबर के स्वीडिश खिलाड़ी हेनरी हर्सकैनेन से भिड़ेंगे।
 
इससे पहले लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली साइना ने ग्रुप जी में ब्राजील की लोयानी विसेंटे को 39 मिनट तक चले मैच में सीधे गेम में 21-17, 21-17 से हराया। उन्हें अब अपने ग्रुप के दूसरे मैच में उक्रेन की मारिया उलटिना से भिड़ना है। यह मैच 14 अगस्त को होगा।
 
विश्व चैंपियनशिप में 2 बार की कांस्य पदक विजेता सिंधू ने ग्रुप एम में विश्व में 64वें नंबर की हंगरी की लौरा सारोसी को 21-8, 21-9 से पराजित किया। उनका अगला मुकाबला 14 अगस्त को ग्रुप चरण में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन कनाडा की ली मिशेली से होगा।
 
ज्वाला और अश्विनी की भारतीय जोड़ी की महिला युगल में शुरुआत निराशाजनक रही। उन्हें ग्रुप ए में जापान की अयाका ताकाहाशी और मिसाकी मातसुमोतो की विश्व में नंबर 1 जोड़ी से महज 36 मिनट में 15-21, 10-21 से हार झेलनी पड़ी। 
 
पुरुष युगल में मनु अत्री और सुमीत बी. रेड्डी की जोड़ी को मोहम्मद अहसन और हेंद्रा सेतियावान की इंडोनेशिया की दुनिया की दूसरे नंबर की जोड़ी के खिलाफ 18-21 13-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ओलंपिक में खेलमंत्री विजय गोयल से आयोजक नाराज, मिली चेतावनी...