Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

फेडरर ने लगाई हैट्रिक, जोकोविच सेमीफाइनल में

Advertiesment
Roger Federer
लंदन। एक मुकाबला शेष रहते ही सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले अनुभवी रोजर फेडरर जापान के केई निशिकोरी की चुनौती को भी ध्वस्त कर वर्ष के आखिरी एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के अपने ग्रुप में अपराजेय रहे हैं जबकि शीर्ष वरीय नोवाक जोकोविच ने भी अंतिम 4 में जगह पक्की कर ली है।

विश्व के तीसरे नंबर के खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के फेडरर ने जापानी खिलाड़ी को 3 सेटों के संघर्ष में 7-5, 4-6, 6-4 से हराकर अपने ग्रुप के आखिरी मुकाबले में भी जीत दर्ज की।

हालांकि दूसरे सेट में 4-1 की बढ़त के बावजूद स्विस खिलाड़ी को निशिकोरी ने छकाते हुए लगातार 5 गेम जीतकर मैच को निर्णायक सेट में पहुंचा दिया। 6 बार के चैंपियन फेडरर ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए 6-4 से तीसरा सेट जीत मैच अपने नाम किया।

फेडरर ने इस जीत के साथ अपने स्टान स्मिथ ग्रुप में 100 फीसदी रिकॉर्ड बनाए रखा। दुनिया के 8 शीर्ष खिलाड़ियों के बीच होने वाले वर्ल्ड टूर फाइनल्स में 14वीं बार खेल रहे स्विस खिलाड़ी ने 9वीं बार अपने अपराजेय रिकॉर्ड को बनाने की उपलब्धि हासिल की है। 34 वर्षीय फेडरर ने अपने तीनों राउंड राबिन मैच जीते हैं।

मंगलवार को विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के जोकोविच को हराकर फेडरर ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया था, लेकिन लगातार चौथी बार खिताब कब्जाने के लिए खेल रहे शीर्ष वरीय जोकोविच ने भी निराश नहीं करते हुए चेक गणराज्य के टामस बेर्दिच को लगातार सेटों में 6-3, 7-5 से हराकर फेडरर के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

स्टान स्मिथ ग्रुप में फेडरर 3 मैचों में तीनों जीतकर 6 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं जबकि जोकोविच 4 अंक लेकर दूसरे स्थान पर हैं। निशिकोरी दूसरे और बेर्दिच आखिरी चौथे स्थान पर हैं। इली नस्तासे ग्रुप में नडाल फिलहाल अपने दोनों मैच जीतकर शीर्ष पर हैं जबकि स्टेनिसलास वावरिंका 2 में से 1 मैच हार चुके हैं और दूसरे स्थान पर हैं। घरेलू खिलाड़ी एंडी मरे तीसरे और स्पेन के डेविड फेरर चौथे स्थान पर हैं।

सर्बियाई खिलाड़ी जोकोविच के सामने अब पूर्व नंबर 1 स्पेन के राफेल नडाल की चुनौती रहेगी। रिकॉर्ड के मामले में देखें तो नडाल मौजूदा नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच से एक कदम आगे हैं और उनका रिकॉर्ड 23-22 का है। हालांकि यह अंतर बहुत बड़ा नहीं है लेकिन फॉर्म में वापसी करने के बाद अब नडाल की कोशिश इस अंतर को बढ़ाने की ही रहेगी।

अपने ग्रुप के सभी मैच खेल चुके फेडरर राउंड राबिन मैच में अगले मुकाबले में मरे या फिर हमवतन वावरिंका में से किसी एक से मुकाबले के लिए उतरेंगे। टूर्नामेंट में केवल 6ठी सीड बेर्दिच पर ही जीत दर्ज कर सके निशिकोरी बाहर हो चुके हैं लेकिन फेडरर की जीत को मुश्किल बनाने पर उनकी स्विस खिलाड़ी ने काफी प्रशंसा की।

34 वर्षीय फेडरर ने कहा कि कोर्ट पर निशिकोरी ने जो किया, वह काबिलेतारीफ था। उन्हें खेल की तकनीक पता है। वे जबरदस्त फोरहैंड और बैकहैंड शॉट लगाते है। वे बहुत प्रभावशाली हैं।

इससे पहले फेडरर के कारण अपने लगातार 22 मैच जीतने के क्रम टूटने से निराश जोकोविच ने लंदन के ओटू एरिना में जबरदस्त वापसी करते हुए बेर्दिच के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। बेर्दिच के पास जोकोविच को हराकर सेमीफाइनल में क्वालीफाई करने का यह आखिरी मौका था लेकिन शीर्ष वरीय सर्बियाई खिलाड़ी ने लगातार सेटों में जीत दर्ज की। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi