Publish Date: Sat, 31 Oct 2015 (11:15 IST)
Updated Date: Sat, 31 Oct 2015 (11:49 IST)
बासेल। छह बार के चैंपियन स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और तीसरी सीड स्पेन के राफेल नडाल ने अपने अपने मुकाबले जीतकर स्विस इंडोर टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
शीर्ष वरीय फेडरर ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में बेल्जियम के डेविड गोफिन को तीन सेटों तक चले मुकाबले में 6-3, 3-6, 6-1 से हरा दिया। वहीं नडाल ने भी कड़े मुकाबले में क्रोएशिया के मारिन सिलिच को 4-6, 6-3, 6-3 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश कर लिया।
वर्ष 2014 के खिताबी मुकाबले में गोफिन को हराने वाले फेडरर ने इस बार भी उनकी चुनौती को ध्वस्त कर दिया। फेडरर ने जबर्दस्त शुरुआत करते हुए पहले सेट को 6-3 से अपने नाम कर लिया। लेकिन इसके बाद गोफिन ने वापसी करते हुये दूसरे सेट को 3-6 से अपने नाम कर लिया।
निर्णायक सेट में पहुंचे मुकाबले में फेडरर ने अपने चिर परिचित अंदाज में खेलते हुए गोफिन को संभलने का मौका नहीं दिया और मैच को अपनी झोली में डालते हुये अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
अंतिम चार में फेडरर का सामना 29वीं रैंक अमेरिका के जैक सॉक से होगा जिन्होंने हमवतन डोनाल्ड यंग को 5-7, 6-4, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। (वार्ता)