Publish Date: Wed, 18 Nov 2015 (20:19 IST)
Updated Date: Wed, 18 Nov 2015 (20:24 IST)
लंदन। अनुभवी टेनिस खिलाड़ी और 17 बार के ग्रैंड स्लेम चैंपियन स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच के खिलाफ अपनी बादशाहत को एक बार फिर साबित करते हुए एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के अंतिम चार में जगह बना ली है।
फेडरर ने शीर्ष वरीय जोकोविच के 23 मैचों के विजयी क्रम को तोड़ते हुए 7-5, 6-2 से जीत दर्ज की और एक मैच शेष रहते ही सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया। जोकोविच को इस सत्र में कुल छह शिकस्त मिली हैं जिसमें तीन फेडरर के हाथों रही। दोनों के बीच करियर रिकॉर्ड 22-21 का हो गया है यानि फेडरर अभी भी नंबर एक खिलाड़ी से एक पायदान आगे हैं।
जोकोविच को अब सेमीफाइनल में फेडरर के साथ अपना स्थान पक्का करने के लिए हर हाल में चेक गणराज्य के टॉमस बेर्दिच को हराना होगा। इससे पहले जापान के केई निशिकोरी ने बेर्दिच के खिलाफ 7-5, 3-6, 6-3 से जीत दर्ज की। इस टूर्नामेंट में अभी तक का यह पहला तीन सेटों का मैच था।
ग्रुप में इस जीत से विश्व के आठवें नंबर के खिलाड़ी निशिकोरी के लिए 167 हजार डॉलर की इनामी राशि भी सुनिश्चित हो गई है। निशिकोरी को अपने पहले मैच में जोकोविच के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी और फिलहाल वे 1-1 पर हैं, लेकिन अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को मजबूत करने के लिए उन्हें विश्व के तीसरे नंबर के खिलाड़ी फेडरर का सामना करना पड़ेगा।
निशिकोरी ने कहा, मेरे और फेडरर दोनों के लिए यह अहम मैच होगा। मुझे अपने ग्रुप से क्वालीफाई करने के लिए हर हाल में यह मैच जीतना होगा और मैं इसके लिए बेहतर रणनीति के साथ कोशिश करूंगा।
लंदन में लगातार तीन बार खिताब जीत चुके और इस वर्ष के तीन ग्रैंड स्लेम अपने नाम करने वाले जोकोविच के लिए हालांकि फेडरर से मिली हार काफी निराशाजनक रही। अगस्त में सिनसिनाटी फाइनल में भी जोकोविच को फेडरर के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी थी, लेकिन उसके बाद उन्होंने लगातार 23 मैच जीते थे, जिस लय को फिर से स्विस खिलाड़ी ने भंग कर दिया।
मैच के बाद जोकोविच ने कहा, इस तरह की चीजें मैच में होती हैं और मुझे इसे स्वीकारना होगा। मुझे रोजर को श्रेय देना होगा। मैंने मैच में कई बेजा भूलें कीं और उन्हें आसान जीत दे दी।
मैच के दूसरे सेट में जोकोविच को 12वें गेम तक कोई दिक्कत नहीं आई, लेकिन फिर फेडरर ने सेट प्वांइट जीते। कुछ थके हुए लग रहे सर्बियाई खिलाड़ी का बैकहैंड शॉट फिर नेट में जा फंसा, जिससे फेडरर को दूसरे सेट में 2-0 की बढ़त मिल गई।
छह बार के चैंपियन फेडरर ने फिर 5-2 की बढ़त बनाई और अपने दूसरे मैच प्वांइट के साथ सेट और मैच अपने नाम कर लिया। 34 वर्षीय फेडरर ने कहा, मैंने अपना काफी ध्यान बेर्दिच और निशिकोरी को हराने में लगा दिया और सोचा कि देखते हैं कि जोकोविच के खिलाफ क्या होगा यानी कि मुझे जोकोविच के खिलाफ जीत का भरोसा नहीं था। (वार्ता)