Publish Date: Sun, 01 Nov 2015 (20:12 IST)
Updated Date: Sun, 01 Nov 2015 (20:16 IST)
बासेल। छह बार के चैंपियन स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर और तीसरी सीड स्पेन के रफेल नडाल ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर स्विस इंडोर टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है जहां दोनों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।
अंतिम चार मुकाबले में 17 बार के ग्रैंड स्लेम चैंपियन फेडरर ने 29वीं रैंकिंग के अमेरिका के जैक सॉक को 63 मिनट तक चले मुकाबले में 6-3, 6-4, से हराकर फाइनल में स्थान बनाया, जबकि 14 बार के ग्रैंड स्लेम चैंपियन रफेल नडाल ने फ्रांस के रिचर्ड गास्के की चुनौती को 6-4, 7-6 से तोड़ते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
मुकाबले के दौरान ही नडाल को घुटने की चोट लग गई, लेकिन उन्होंने इससे उबरकर शानदार अंदाज में वापसी करते हुए गास्के को धूल चटा दी। जीत के बाद उन्होंने कहा, मेरे घुटने की तकलीफ अब ठीक है। मैं फेडरर के खिलाफ होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर उत्साहित हूं और यह मुकाबला यकीनन विशेष साबित होगा।
वर्ष 2013 में रोम के बाद दोनों दिग्गज खिलाड़ी 21 महीने बाद पहली बार फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगे। फेडरर और नडाल के बीच करियर का यह 34वां मुकाबला होगा। नडाल को फेडरर पर 23-10 की बढ़त हासिल है।
दोनों 18 महीने पहले 2014 के ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में भिड़े थे, जहां नडाल ने लगातार सेटों में जीत हासिल की थी। फेडरर इस टूर्नामेंट में सातवीं बार ट्रॉफी जीतने के लक्ष्य के साथ नडाल से मुकाबला करेंगे। उनका बासेल में यह लगातार दसवां और ओवरऑल 12वां फाइनल है। (वार्ता)