Publish Date: Fri, 07 Jul 2017 (18:30 IST)
Updated Date: Fri, 07 Jul 2017 (18:33 IST)
लंदन। 18 ग्रैंड स्लैम खिताबों के बादशाह स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने आठवें विंबलडन खिताब की तलाश में कदम बढ़ाते हुए तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है, जबकि विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जर्मनी के एंजेलिक केर्बर ने दूसरे राउंड में कड़े संघर्ष के बाद जीत हासिल की।
35 वर्षीय स्विस मास्टर ने 79वीं रैंकिंग के सर्बियाई खिलाड़ी दुसान लाजोविच को अपना पहला सर्विस गेम गंवाने के बावजूद 7-6, 6-3, 6-2 से हरा दिया। फेडरर ने इस जीत से आल इंग्लैंड क्लब पर अपना रिकॉर्ड 86 पहुंचा दिया है।
फेडरर ने विंबलडन में अपना पहला खिताब 2003 में जीता था और यहां उनका आखिरी खिताब 2012 में रहा था। फेडरर का तीसरे राउंड में जर्मनी के सर्व-वॉली खिलाड़ी मिशा जवेरेव से मुक़ाबला होगा।
शीर्ष वरीयता प्राप्त जर्मनी की एंजेलिक केर्बर को बेल्जियम की कर्स्टन फ्लिपकेन्स को 7-5 7-5 से हराने में कड़ा संघर्ष करना पड़ा लेकिन तीसरी सीड चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिसकोवा हार कर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
प्लिसकोवा ने विंबलडन से पहले ईस्टबॉर्न में खिताब जीता था लेकिन यहां दूसरे दौर में उन्हें स्लोवाकिया की मैगडालेना रीबारिकोवा ने 3-6 7-5 6-2 से हरा कर बाहर कर दिया। इस बीच अमेरिका की बेथानी माटेक-सेंड्स को चोटिल होने के कारण स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा। (वार्ता)