Publish Date: Fri, 11 Sep 2015 (15:20 IST)
Updated Date: Fri, 11 Sep 2015 (15:24 IST)
न्यूयॉर्क। अमेरिकी ओपन में पिछले लगभग 5 दशक में सबसे अधिक उम्र का चैंपियन बनने की ओर बढ़ रहे रोजर फेडरर के प्रदर्शन से भले ही कई लोग हैरान हों लेकिन स्विट्जरलैंड का यह महान खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से हैरान नहीं है।
34 बरस के फेडरर ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जहां उनका सामना शुक्रवार को हमवतन स्टेन वावरिंका से होगा।
फेडरर न्यूयॉर्क में 10वीं बार सेमीफाइनल में खेलेंगे और इस 5 बार के चैंपियन की नजरें अमेरिकी ओपन में रिकॉर्ड 6ठे खिताब और करियर के 18वें ग्रैंडस्लैम खिताब पर टिकी हैं।
फेडरर अगर खिताब जीतते हैं, तो वे 1970 में केन रोजवेल के बाद अमेरिकी ओपन का खिताब जीतने वाले सबसे अधिक उम्र के खिलाड़ी होंगे।
दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी फेडरर ने कहा कि कई वर्षों से मैं बड़ी तस्वीर देने का प्रयास कर रहा हूं कि इस उम्र में भी मैं अब भी शीर्ष स्तर पर खेल रहा हूं।
उन्होंने कहा कि इसलिए एक तरह से मैं हैरान नहीं हूं और मैं उतना ही अच्छा खेल रहा हूं जितना मैं खेल सकता हूं।
फेडरर ने 2012 में अपना 7वां विंबलडन खिताब जीतने के बाद से कोई ग्रैंडस्लैम नहीं जीता है लेकिन अमेरिकी ओपन से पहले उन्होंने फाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को हराकर अपने करियर में 7वीं बार सिनसिनाती में खिताब जीता था।
यह फेडरर के करियर का 87वां खिताब था और इसके साथ ही उनके करियर की कमाई लगभग 9 करोड़ 40 लाख डॉलर तक पहुंच गई है।(भाषा)