Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

बोपन्ना शीर्ष 20 में शामिल, सेरेना फिर बनीं नंबर एक

हमें फॉलो करें बोपन्ना शीर्ष 20 में शामिल, सेरेना फिर बनीं नंबर एक
, सोमवार, 24 अप्रैल 2017 (20:56 IST)
नई दिल्ली। भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना मोंटे कार्लो मास्टर्स का खिताब जीतने के दम पर एटीपी की ताजा विश्व युगल रैंकिंग में लगभग छ: महीने बाद फिर से शीर्ष 20 में पहुंच गए जबकि जल्द ही मां बनने वाली सेरेना विलियम्स महिलाओं की डब्ल्यूटीए एकल रैंकिंग में फिर नंबर एक खिलाड़ी बन गई हैं। 
 
बोपन्ना और उरुग्वे के उनके जोड़ीदार पाब्लो कुएवास ने मोनाको में खेले गए फाइनल में स्पेन के फेलिसियानो लोपेज और मार्क लोपेज की जोड़ी को 6-3, 3-6, 10-4 से हराया था। इस जीत से बोपन्ना ने छ: पायदान की छलांग लगाई और वे 18वें स्थान पर काबिज हो गए हैं। बोपन्ना के 3815 अंक हैं। 
 
पिछले साल अक्टूबर के शुरू में शीर्ष 20 से बाहर होने वाले बोपन्ना का यह सत्र का दूसरा खिताब है। वे भारत के नंबर एक युगल खिलाड़ी हैं। उनके बाद लिएंडर पेस (52) का नंबर आता है जो एक पायदान आगे बढ़े हैं। युगल रैंकिंग में शीर्ष 100 में शामिल अन्य भारतीय खिलाड़ियों में दिविज शरण (60), पुरव राजा (63) और जीवन नेदुजेझियन (87) का नंबर आता है। 
 
एकल रैंकिंग में रामकुमार रामनाथन (264) भारत के चोटी के खिलाड़ी हैं। वे 11 पायदान आगे बढ़े हैं। प्रजनेश गुणेश्वरन 12 पायदान चढ़कर 276वें नंबर पर काबिज हो गए हैं। युकी भांबरी (285) भारतीय खिलाड़ियों में तीसरे स्थान पर हैं। 
 
उधर महिलाओं की डब्ल्यूटीए एकल रैंकिंग में अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना फिर से नंबर एक पर काबिज हो गई  हैं। सेरेना ने हाल में घोषणा की थी कि वे अपने पहले बच्चे की मां बनने वाली हैं और वे इस साल किसी भी अन्य टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगी। सेरेना जर्मनी की एंजेलिक केरबर को हटाकर फिर से नंबर एक बनी हैं। चेक गणराज्य की कारोलिना पिलिसकोवा तीसरे स्थान पर हैं। महिलाओं की युगल रैंकिंग में सानिया मिर्जा सातवें स्थान पर बनी हुई हैं। इस भारतीय खिलाड़ी के 6705 अंक हैं। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

फ़ुटबॉल के देवता ने कहा : दस नंबर की इस जर्सी को ग़ौर से देखो