Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

बोपन्ना प्री क्वार्टर में, पेस 'फ्रेंच ओपन' से बाहर

Advertiesment
हमें फॉलो करें बोपन्ना प्री क्वार्टर में, पेस 'फ्रेंच ओपन' से बाहर
, शनिवार, 3 जून 2017 (00:00 IST)
पेरिस। भारत के शीर्ष युगल खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और उनके जोड़ीदार उरुग्वे के पाब्लो क्यूवास ने कड़े संघर्ष में शुक्रवार को जीत हासिल कर पुरुष युगल के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जबकि दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस पुरुष युगल और मिश्रित युगल दोनों में हारकर 'फ्रेंच ओपन' से बाहर हो गए। 
              
बोपन्ना और क्यूवास की नौवीं सीड जोड़ी ने फिलीपींस के ट्रीट हुई और उज्बेकिस्तान के डेनिस इस्तोमिन को दो घंटे 14 मिनट तक चले संघर्ष में 5-7, 7-6, 6-4 से हराया। बोपन्ना और क्यूवास के सामने अब पांचवीं सीड ब्रिटेन के जैमी मरे और ब्राजील के ब्रूनो सोरेस की चुनौती होगी। 
             
बोपन्ना ने इससे पहले अपनी कनाडाई जोड़ीदार गैबरिएला डाबरोवस्की के साथ मिश्रित युगल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया था। बोपन्ना और डाबरोवस्की की सातवीं वरीय जोड़ी ने मिश्रित युगल के पहले दौर में गैर वरीय ऑस्ट्रेलियाई जैसिको मूरे और मैट रीड की जोड़ी को एकतरफा अंदाज में 39 मिनट में 6-0, 6-1 से करारी शिकस्त दी। बोपन्ना और डाबरोवस्की ने मैच में पांच एस लगाए और सात में से पांच ब्रेक अंकों को भुनाया।
             
43 वर्षीय पेस के लिए आज का दिन बेहद निराशाजनक रहा। पेस और अमेरिका के स्काट लिप्स्की की जोड़ी को पुरुष युगल के दूसरे दौर में स्पेन के डेविड मरेरो और टामी रोबरेडो की जोड़ी ने एक घंटे 31 मिनट में 7-6, 6-2 से हरा दिया। 
                        
पेस को मिश्रित युगल के पहले दौर में स्विटजरलैंड की अपनी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिंस के साथ बाहर हो जाना पड़ा। पेस और हिंगिंस को स्लोवाकिया की कैटरीना श्रेबॉटनिक और दक्षिण अफ्रीका के रावेन क्लासेन की चौथी सीड जोड़ी ने एक घंटे में 6-4, 1-6, 10-2 से हराया।
                     
इससे पहले पुरुष युगल में दिविज शरण और पूरव राजा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। पूरव और दिविज की भारतीय जोड़ी ने एकसाथ कमाल का खेल दिखाया और 15वीं सीड ओलिवर मराच और माते पाविच को दूसरे दौर में तीन सेटों के संघर्ष में 6-4, 3-6, 6-4 से हराया। पूरव और दिविज का अगला मुकाबला अमेरिका के रेयान हेरिसन और न्यूजीलैंड के माइकल वीनस से होगा।
                      
चेन्नई ओपन फाइनलिस्ट गैर वरीय पूरव-दिविज की जोड़ी ने दो घंटे 11 मिनट में जीत अपने नाम की। गैर वरीय भारतीय खिलाड़ियों ने मैच में पांच एस लगाए और पांच में से दो ब्रेक अंकों को भुनाया। उन्होंने दो डबल फाल्ट भी किए। वहीं विपक्षी जोड़ी ने मैच में सात एस लगाए लेकिन चार डबल फाल्ट भी किए। ओलिवर-माते की जोड़ी मैच में हाथ आए छह में से केवल एक ब्रेक अंक को ही भुना सकी। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

सानिया मिर्जा 'मिश्रित युगल' के दूसरे दौर में