Publish Date: Sat, 24 Oct 2015 (00:16 IST)
Updated Date: Sat, 24 Oct 2015 (00:18 IST)
पेरिस। विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी साइना नेहवाल की शुक्रवार को यहां क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की रतनाचोक इंतानोन के हाथों सीधे गेम में हार के साथ ही 275,000 डॉलर इनामी फ्रेंच ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई।
इससे पहले जापान की मिनात्सु मितानी को सीधे गेम हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली साइना को महिला एकल में आठवीं वरीयता प्राप्त इंतानोन के हाथों 39 मिनट तक चले मैच में 9-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस भारतीय शटलर को इससे पहले जापान और डेनमार्क ओपन में भी निराशा हाथ लगी थी।
साइना की हार से फ्रेंच ओपन में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई। एच एस प्रणय, अजय जयराम और ज्वाला गुट्टा व अश्विनी पोनप्पा की महिला युगल जोड़ी कल दूसरे दौर में हारकर बाहर हो गए थे।
साइना ने इससे पहले दूसरे दौर में विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मितानी को 41 मिनट में 21-19, 21-16 से हराया था।
पुरूष एकल में हांगकांग के एनजी का लोंग एंगुस ने प्रणय को 21-15 21-10 से हराकर बाहर किया। दो बार के डच ओपन विजेता जयराम भी दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए। उन्हें चीन के तियान हुवेई से 18-21 8-21 से हार झेलनी पड़ी। ज्वाला और अश्विनी की जोड़ी नीदरलैंड की एफजी मुस्केन्स और सेलेना पीक से 15-21 18-21 से हार गई। (भाषा)