Publish Date: Sat, 14 Nov 2015 (18:52 IST)
Updated Date: Sat, 14 Nov 2015 (18:55 IST)
फुजाउ। गत चैम्पियन साइना नेहवाल 700000 डॉलर इनामी चीन ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर लीग में अपने महिला एकल खिताब की रक्षा करने से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना ने आज सेमीफाइनल में 2011 की विश्व चैम्पियन और 2012 लंदन ओलंपिक की रजत पदक विजेता चीन की यिहान वैंग को सीधे गेम में 21-13, 21-18 से हराया।
यिहान के खिलाफ नौ बार शिकस्त झेलने वाली साइना ने मैच के दौरान अपना पूरा दमखम दिखाया। पहले गेम में 2-4 से पिछड़ने के बाद साइना ने जोरदार वापसी की जबकि दूसरे गेम में उन्होंने यिहान को कड़े मुकाबले में पछाड़ा।
शीर्ष वरीय भारतीय खिलाड़ी फाइनल में चीन की ही ओलंपिक चैम्पियन ली शुएरूई से भिड़ेंगी जिसके खिलाफ उन्हें नौ बार शिकस्त का सामना करना पड़ा है जबकि उन्होंने अपनी दो जीत 2012 में इंडोनेशिया ओपन और 2010 में सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज के दौरान दर्ज की।
पहले गेम में साइना ने धीमी शुरुआत की। चीन की खिलाड़ी एक समय 5-3 से आगे थी जिसके बाद साइना ने लगातार छह अंक के साथ 9-5 की बढ़त बनाई और मध्यांतर तक वह 11-7 से आगे थी।
यिहान ने इसके बाद 11-11 पर बराबरी हासिल कर ली। साइना ने इसके बाद 14-13 के स्कोर से लगातार सात अंक जुटाते हुए पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों ने बार बार एक दूसरे पर बढ़त बनाई। साइना एक समय 9-6 से आगे चल रही थी लेकिन यिहान ने 10-10 पर बराबरी हासिल कर ली। साइना ने इसके बाद 13-11 पर बढ़त बनाई और फिर अंत तक बढ़त बरकरार रखते हुए गेम और मैच जीत लिया। (भाषा)