Publish Date: Sun, 15 Nov 2015 (16:50 IST)
Updated Date: Sun, 15 Nov 2015 (16:54 IST)
फूझोऊ, (चीन)। विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी और गत चैंपियन भारत की साइना नेहवाल चीन की दीवार को आखिरी बार पार नहीं कर सकीं और रविवार को चाइना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपना खिताब नहीं बचा पाईं।
शीर्ष वरीयता प्राप्त साइना को उनकी चिर प्रतिद्वंद्वी और छठी सीड चीन की ली जुईरूई ने 39 मिनट में लगातार गेमों में 21-12, 21-15 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। साइना ने सेमीफाइनल में सातवीं सीड चीन की वांग यिहान को पराजित किया था लेकिन फाइनल में वह पूर्व नंबर एक जुईरूई से पार नहीं पा सकीं।
साइना ने सात लाख डॉलर के इस टूर्नामेंट में फाइनल से पहले तक जबर्दस्त प्रदर्शन किया था लेकिन खिताबी मुकाबले में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन जुईरुई ने साइना के खिलाफ अपने शानदार रिकार्ड को बरकरार रखते हुए जीत अपने नाम की।
भारतीय स्टार का 2015 के अपने बेहतरीन वर्ष में यह पांचवा फाइनल था। उन्होंने इंडिया ओपन सुपर सीरीज और इंडिया ग्रां प्री गोल्ड के खिताब जीते थे जबकि ऑल इंग्लैंड और विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में वह विश्व की नंबर एक खिलाड़ी स्पेन की कैरोलिना मारिन से पराजित हुईं।
हैदराबाद की साइना ने गत वर्ष चाइना ओपन का खिताब जीता था जिसके बाद उनके कॅरियर में नया उछाल आया था और उन्होंने अगले वर्ष 2015 में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन चाइना ओपन के खिताबी मुकाबले में ओलंपिक चैंपियन जुईरुई की चुनौती उन पर भारी पड़ गई।
जुईरुई ने इस जीत के साथ साइना के खिलाफ अपना कॅरियर रिकार्ड 10-2 कर लिया है। जुईरुई दिसंबर 2012 से लेकर अब तक साइना को लगातार छह बार हरा चुकी हैं। जुईरुई ने इस साल मलेशिया ओपन में भी साइना को पराजित किया था। साइना ने आखिरी बार जुईरुई को जून 2012 में इंडोनेशिया ओपन में हराया था।
पहले गेम में साइना ने शानदार शुरुआत करते हुए 4-1 की शानदार बढ़त बनाई लेकिन चीनी खिलाड़ी ने लगातार छह अंक लेकर 7-4 से बढ़त बना ली। जुईरुई फिर लगातार अपनी बढ़त मजबूत करते हुए 12-6 और 17-9 पर पहुंच गईं। उन्होंने यह गेम उन्होंने आसानी से 21-12 से समाप्त कर दिया।
साइना ने दूसरे गेम में संभलते हुए बेहतर प्रदर्शन किया लेकिन निर्णायक मौकों पर उन्होंने गलतियां करते हुए चीनी खिलाड़ी को मैच कब्जाने का मौका दे दिया। साइना ने लगातार चार अंक लेकर अच्छी शुरुआत की और 4-0 की बढ़त बनाई। उन्होंने 5-4 के स्कोर पर फिर लगातार चार अंक लिए और 9-4 से आगे हो गईं।
भारतीय खिलाड़ी ने अपनी बढ़त को 12-6 पहुंचा दिया। यह वह मौका था जहां साइना चीनी खिलाड़ी पर दबाव बना सकती थी लेकिन ओलंपिक चैंपियन ने लगातार सात अंक बटोरे और 13-12 से आगे हो गईं। यही मैच का टर्निंग प्वाइंट भी साबित हुआ और साइना की इस गेम पर से पकड़ फिसल गई।
जुईरुई ने 15-15 की बराबरी के बाद लगातार छह अंक लेकर दूसरा गेम 21-15 से निपटाकर महिला खिताब अपनी झोली में डाल लिया। इससे पहले चीन ने महिला युगल खिताब और मिश्रित युगल खिताब भी अपने नाम कर लिया था। (वार्ता)