Publish Date: Fri, 12 May 2017 (14:52 IST)
Updated Date: Fri, 12 May 2017 (14:54 IST)
नई दिल्ली। रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक (60 किलो) एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गईं जिससे उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया।
हरियाणा की 24 वर्षीय साक्षी ने कजाखस्तान की ए. कासीमोवा को हराया। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में उन्होंने उज्बेकिस्तान की नाबीरा इसेंबायेवा को 6.2 से हराया था। साक्षी का सामना अब ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता जापान की रिसाको कवाइ से होगा।
ओलंपिक पदक जीतने वाली साक्षी पहली भारतीय महिला पहलवान हैं जिन्होंने रियो में 58 किलो वर्ग में कांस्य जीता था। इससे पहले ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2014 में उसने रजत पदक जीता था, वहीं दोहा में 2015 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया था। (भाषा)