Publish Date: Sun, 01 Nov 2015 (10:52 IST)
Updated Date: Sun, 01 Nov 2015 (10:56 IST)
सिंगापुर। स्विट्जरलैंड की टेनिस स्टार और विश्व की पूर्व नंबर एक मार्टिना हिंगिस ने कहा है कि भारत की टॉप महिला खिलाड़ी और उनकी जोड़ीदार सानिया मिर्जा उनके लिए भाग्यशाली हैं जिनके साथ वे इस वर्ष 8 खिताब जीत चुकी हैं।
विश्व रैंकिंग में नंबर वन सानिया और हिंगिस की जोड़ी ने इस साल अपना स्वप्निल प्रदर्शन किया है और यह जोड़ी वर्ष 2015 में एक साथ 8 खिताब जीत चुकी है जिसमें विंबलडन और यूएस ओपन के ग्रैंड स्लेम खिताब भी शामिल हैं।
उन्होंने इंडियन वेल्स, मियामी, चार्ल्सटन, ग्वांगझू, वुहान और बीजिंग में भी खिताब जीते हैं जबकि रोम में वे उपविजेता रहे थे। इसके साथ ही सानिया-हिंगिस ने साल के अंत में अपनी नंबर एक रैंकिंग को कायम रखना भी सुनिश्चित कर लिया है।
35 वर्षीय हिंगिस ने अपनी जोड़ीदार सानिया को भाग्यशाली मानते हुए कहा कि कोर्ट पर एक तरफ सानिया का होना निश्चित रुप से मेरे लिए भाग्यशाली है। वे बेहतरीन खिलाड़ी हैं। जब हमने इस वर्ष की शुरुआत में जोड़ी बनाई थी तो कभी नहीं सोचा था कि इतने सफल हो सकेंगे। यह एक सपने के सच होने जैसा है।
हिंगिस ने कहा है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे एकल महिला वर्ग से संन्यास लेने के बाद कभी ग्रैंड स्लेम जीत पाएंगी।
पूर्व विश्व नंबर एक ने कहा कि इस साल विंबलडन में खिताब जीतना एक अनूठा अनुभव था। मुझे लगा कि जैसे मेरे नए करियर की शुरुआत हुई है। जब मैंने एकल वर्ग से संन्यास लिया था तो सचमुच कभी नहीं सोचा था कि मैं जिंदगी में दो ग्रैंड स्लेम खिताब अपने नाम कर सकूंगी।
इस बीच दुबई डयूटी फ्री की ओर से जारी रैंकिंग में सानिया और हिंगिस की जोड़ी ने साल के अंत में विश्व का नंबर वन स्थान भी पक्का कर लिया है और डब्ल्यूटीए ने इसकी घोषणा कर दी है। (वार्ता)