Publish Date: Wed, 23 Dec 2015 (17:20 IST)
Updated Date: Wed, 23 Dec 2015 (17:23 IST)
नई दिल्ली। विश्व की नंबर एक महिला युगल टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने कहा है कि वे अगले साल होने वाले रियो ओलंपिक के लिए अपनी जोड़ीदार का फैसला खेलों के महाकुंभ से ठीक पहले करेंगी।
वर्ष 2015 में कुल 10 युगल खिताब जीतने वाली सानिया राष्ट्रीय बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद और ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग के साथ बुधवार को यहां रियल स्टेट कंपनी सुपरटेक के ग्रेटर नोएडा में बनने वाले महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘स्पोर्ट्स विलेज’ के अनावरण के अवसर पर यहां मौजूद थीं।
सानिया ने ओलंपिक के लिए अपने जोड़ीदार के बारे में पूछे जाने पर कहा कि मैं अभी सिंगापुर में आईपीटीएल खेलकर लौटी हूं और पिछले 1 महीने से अभी तक घर भी नहीं गई हूं। मेरा फिलहाल लक्ष्य वर्ष का पहला ग्रैंडस्लेम ऑस्ट्रेलियन ओपन है जिसके लिए 5 दिन बाद मैं मेलबर्न जा रही हूं।
इस वर्ष का समापन नंबर एक जोड़ी के रूप में करने वाली सानिया ने कहा कि ओलंपिक अभी 7 महीने दूर है। टेनिस दूसरे खेलों की तरह नहीं है, जहां आपको ओलंपिक के लिए पहले से ही कुछ करना पड़े। ओलंपिक से पहले मेरे सामने 3 ग्रैंडस्लेम पड़े हैं। मुझे उन पर भी ध्यान देना है। ओलंपिक में हमारी सर्वश्रेष्ठ जोड़ी उतरेगी लेकिन इसमें अभी समय है और इसका फैसला ठीक ओलंपिक से पहले किया जाएगा।
राष्ट्रीय बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद ने इस अवसर पर कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने बैडमिंटन में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और भारत इस खेल में एक ताकत के रूप में उभरा है। अप्रैल में क्वालीफिकेशन है और मुझे उम्मीद है कि भारत की तरफ से एक मजबूत दल ओलंपिक में उतरेगा और अच्छा प्रदर्शन करेगा।
मशहूर निशानेबाज गगन नारंग ने भी कहा कि भारत ने निशानेबाजी में एक ताकत के रूप में अपनी पहचान बनाई है और पिछले 3 ओलंपिक में हम निशानेबाजी में लगातार पदक जीतते आ रहे हैं। इस बार हमारे पास अनुभव और युवा जोश को लेकर एक मिली-जुली टीम है और मुझे यकीन है कि यह टीम लंदन ओलंपिक के मुकाबले रियो में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
सुपरटेक लिमिटेड के अध्यक्ष आरके अरोड़ा ने इस मौके पर कहा कि ग्रेटर नोएडा (वेस्ट) में बनने जा रहे इस स्पोर्ट्स विलेज में हमने 175 एकड़ जमीन में से 70 फीसदी हिस्सा खेल सुविधाओं के लिए रखा है, जहां पर हम टेनिस, क्रिकेट, गोल्फ, बैडमिंटन और निशानेबाजी की 5 अकादमिया खोलेंगे जिसमें विश्वस्तरीय सुविधाएं रहेंगी।
अरोड़ा ने बताया कि टेनिस अकादमी सानिया मिर्जा, क्रिकेट अकादमी शिखर धवन, गोल्फ अकादमी ज्योति रंधावा, बैडमिंटन अकादमी पुलेला गोपीचंद और गन्स ऑफ ग्लोरी निशानेबाजी अकादमी गगन नारंग के मार्गदर्शन में चलेंगी।
उन्होंने साथ ही बताया कि ये दिग्गज खिलाड़ी अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर इन अकादमियों में आएंगे और खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। (वार्ता)