sawan somwar

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

एशियाड में सानिया मिर्जा ने जीता मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक

Advertiesment
हमें फॉलो करें सानिया मिर्जा
इंचियोन , सोमवार, 29 सितम्बर 2014 (19:22 IST)
इंचियोन। भारत की टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा ने अपने पावर गेम का जलवा बिखेरते हुए यहां आयोजित एशियन गेम्स में टेनिस मुकाबले में मिश्रित युगल का स्वर्ण पदक जीत लिया। सानिया ने साकेत के साथ जोड़ी बनाकर यह स्वर्ण जीता।
सोमवार को भारत ने स्वर्ण की शुरुआत सीमा पुनिया के जरिये की। सीमा ने डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक के लिए चक्का फेंका। इसके ठीक बाद सानिया ने भारत की झोली में छठा स्वर्ण पदक डाला। 

भारत ने इस बार एशियाई खेलों की टेनिस स्पर्धा में एक स्वर्ण समेत पांच पदक जीते। सानिया और साकेत की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने सिर्फ 69 मिनट तक चले फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीनी ताइपै के हाओ चिंग चान और सियेन यिन पेंग को 6-4, 6-3 से हराया।
 
माइनेनी इससे पहले सनम सिंह के साथ पुरुष युगल फाइनल में योंगक्यू लिन और हियोन चुंग की कोरियाई जोड़ी के हाथों सीधे सेटों में शिकस्त के साथ स्वर्ण नहीं जीत सके थे। पांचवीं वरीय भारतीय जोड़ी को खिताबी मुकाबले में आठवीं वरीय स्थानीय जोड़ी के हाथों 5-7, 6-7 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
 
सनम ने इससे पहले 2010 ग्वांग्झू एशियाई खेलों में सोमदेव देववर्मन के साथ मिलकर पुरुष युगल का रजत पदक जीता था लेकिन वह इसे दोहरा नहीं सके। भारत ने 2010 खेलों में भी पांच पदक जीते थे लेकिन उनमें दो स्वर्ण थे। लिएंडर पेस, सोमदेव देववर्मन और रोहन बोपन्ना जैसे शीर्ष खिलाड़ियों के पीछे हटने के बाद भारतीय युवा खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन अच्छा कहा जाएगा।
 
युकी भांबरी ने पुरूष एकल में और युगल दिविज शरण के साथ कांस्य जीते जबकि सानिया और प्रार्थना थोंबरे ने महिला युगल में कांस्य जीता। सानिया के अब एशियाई खेलों में आठ पदक हो गए हैं।
 
उल्लेखनीय है कि सानिया मिर्जा इंटरनेशनल टेनिस के अंकों के कारण पहले एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं ले रहीं थी लेकिन बाद में उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। मोदी ने सानिया से गुजारिश की कि वे देश की खातिर एशियाड में भारत की चुनौती पेश करें।
 
सानिया ने प्रधानमंत्री की बात मानी और टरनेशनल टेनिस के अंकों की परवाह किए बगैर वे एशियाड में भारतीय टेनिस चुनौती पेश करने उतरीं। आज उन्होंने मिश्रित युगल का स्वर्ण पदक जीतकर अपने सही फैसले पर मुहर लगा दी। इस बार के एशियाई खेलों में भारत का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है, ऐसे में सीमा और सानिया के स्वर्ण पदक बहुत महत्वपूर्ण हो जाते हैं।

सोमवार को समाचार लिखे जाने तक भारत एशियाई खेलों में अब तक 6 स्वर्ण, 7 रजत और 29 कांस्य पदक के साथ कुल 42 पदक जीत चुका है।(वेबदुनिया न्यूज/भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi