Publish Date: Thu, 19 Nov 2015 (17:55 IST)
Updated Date: Thu, 19 Nov 2015 (18:06 IST)
ज्यूरिख। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) की अपील समिति ने भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित किए गए फीफा के अध्यक्ष सैप ब्लेटर और यूएफा के प्रमुख माइकल प्लातिनी की निलंबन की अपील खारिज कर दी है।
समिति ने कहा, ब्लेटर और प्लातिनी द्वारा निलंबन के खिलाफ दाखिल याचिका पूरी तरह खारिज कर दी गई है। फीफा की नैतिक समिति ने ब्लेटर और प्लातिनी को वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप में 90 दिन के लिए निलंबित कर दिया था। उन पर यूएफा के प्रमुख माइकल प्लातिनी को 2011 में 20 लाख डॉलर देने का आरोप है।
अब यह उम्मीद की जा रही है कि ब्लेटर और प्लातिनी दोनों लुसाने की कोर्ट में निलंबन के खिलाफ अपनी याचिका दाखिल कर सकते हैं। इन दोनों ने पिछले महीने 10 अक्टूबर को फीफा के समक्ष अपनी याचिका दाखिल की थी। (वार्ता)