Publish Date: Mon, 23 Nov 2015 (18:03 IST)
Updated Date: Mon, 23 Nov 2015 (18:09 IST)
ज्यूरिक। खराब स्वास्थ्य कारणों से हाल में अस्पताल में भर्ती हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) के निलंबित चल रहे अध्यक्ष सेप ब्लैटर ने कहा है कि वे मौत के बेहद करीब पहुंच गए थे।
फीफा में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर जारी जांच में 90 दिनों के लिए निलंबित किए गए ब्लैटर ने कहा, मैं मौत के बेहद करीब था। मैं गाना गा रहे फरिश्तों और आग जला रहे शैतानों के बीच में था, लेकिन आखिर में गाना गा रहे फरिश्ते ही जीते। दबाव बहुत ही ज्यादा था और कई मौकों पर तो शरीर भी जवाब देता जा रहा था, लेकिन मनोवैज्ञानिक रूप से मजबूत रहकर आप सबकुछ झेल सकते हैं।
वर्ष 2011 में यूरोपीयन फुटबॉल प्रमुख मिशेल प्लातिनी को संदिग्ध तौर पर 20 लाख डॉलर राशि का भुगतान करने और अव्यवस्था के मामलों में ब्लैटर पर आपराधिक कार्रवाई करते हुए जांच अधिकारियों ने इस वर्ष सितंबर में उन्हें 90 दिनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया था।
प्लातिनी भी 90 दिनों के लिए निलंबित चल रहे हैं और अगले वर्ष फरवरी में होने वाले फीफा के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए दावेदारी कर रहे हैं। (वार्ता)