Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

सुनील ने 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे किए

हमें फॉलो करें सुनील ने 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे किए
इपोह , रविवार, 30 अप्रैल 2017 (18:43 IST)
इपोह। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के फारवर्ड एसवी सुनील ने रविवार को देश के लिए 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने की उपलब्धि हासिल कर ली। 27 वर्षीय सुनील ने यह उपलब्धि 26वें अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट में भारत के दूसरे मैच के दौरान हासिल की, जिसमें भारत ने न्यूजीलैंड 3-0 से हरा दिया।
 
कर्नाटक के कूर्ग जिले में 6 मई 1989 को जन्मे सुनील ने 2007 में चेन्नई में एशिया कप से अपने अंतरराष्ट्रीय हॉकी करियर का आगाज किया था। इसके अगले साल वह उस भारतीय टीम का हिस्सा थे, जिसने 2008 में सुल्तान अजलन शाह कप में रजत पदक जीता था। 2011 चैंपियंस चैलेंज में किए गए शानदार तीन गोल सुनील के करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
 
हॉकी की पिच पर सबसे तेज खिलाड़ी के रूप में माने वाले सुनील जिस तरह से रक्षापंक्तियों को भेदकर ड्रिबल करते हुए निकलते हैं, उसे देखना वाकई अद्भुत लगता है। भारतीय टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में एक सुनील उस भारतीय टीम का अहम हिस्सा थे जिसने गत वर्ष लंदन में एफआईएच चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक जीता था।
 
एशियाई हॉकी परिसंघ ने हाल ही में सुनील को एशियन प्लेयर ऑफ द ईयर 2016 के पुरस्कार से सम्मानित किया है। इसके अलावा वे 2012 के लंदन ओलंपिक और 2016 के रियो ओलंपिक में भी देश के लिए खेल चुके हैं। इस बीच हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने सुनील को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है।
 
मुश्ताक अहमद ने कहा कि एसवी सुनील का अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रहा है। उनकी भारतीय सीनियर पुरुष टीम में भूमिका अहम रही है जो पिछले कुछ वर्षों में विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गई है। मैं इस उपलब्धि के लिए सुनील को बधाई देता हूं और भविष्य के लिए अच्छे की शुभकामनाएं देता हूं। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

IPL 10 : जितनी जरूरत उतने ही सुरक्षा गार्ड : चेतन चौहान