Publish Date: Mon, 30 Mar 2020 (18:50 IST)
Updated Date: Mon, 30 Mar 2020 (18:52 IST)
टोक्यो। टोक्यो ओलंपिक अगले साल उसी समय होंगे, जिस समय इस साल होने वाले थे। टोक्यो ओलंपिक आयोजकों ने सोमवार को बताया कि उद्घाटन समारोह 23 जुलाई 2021 को होगा जबकि इस साल खेल उसी दिन शुरू होने वाले थे।
पिछले सप्ताह अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति और जापान सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के कारण खेलों को 2021 तक टालने का फैसला किया।
इस साल खेल 24 जुलाई से 9 अगस्त के बीच होने थे और अब एक साल बाद 8 अगस्त को समापन समारोह होगा।
ऐसी भी अटकलें थी कि खेलों को बसंत के महीने में कराया जाए जब जापान में चेरी ब्लॉसम के खिलने का समय होता है। लेकिन उस समय यूरोपीय फुटबॉल और उत्तर अमेरिकी खेल लीग होती है।
टोक्यो आयोजन समिति के प्रमुख योशिरो मोरी और सीईओ तोशिरो मुतो ने कहा था कि नई तारीखों पर खेलों के आयोजन की लागत बहुत अधिक होगी। स्थानीय रपटों के अनुसार यह लागत अरबों डॉलर बढ जाएगी और इसका बोझ जापान के करदाताओं पर पड़ेगा।
मुतो ने लागत की गणना में पारदर्शिता बरतने का वादा किया। जापान आधिकारिक तौर पर ओलंपिक की मेजबानी पर 12.6 अरब डॉलर खर्च कर रहा है। जापानी सरकार के एक आडिट ब्यूरो ने हालांकि कहा कि लागत इसकी दुगुनी है।