Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

200 मीटर में भी उसैन बोल्ट की बादशाहत कायम

Advertiesment
हमें फॉलो करें 200 मीटर में भी उसैन बोल्ट की बादशाहत कायम
बीजिंग , गुरुवार, 27 अगस्त 2015 (20:21 IST)
बीजिंग। फर्राटा के बादशाह उसैन बोल्ट ने आज यहां अमेरिका के अपने प्रतिद्वंद्वी जस्टिन गैटलिन की चुनौती को ध्वस्त करके विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरूषों की 200 मीटर दौड़ का खिताब जीता जबकि एलिसन फेलिक्स ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ और क्रिस्टियन टेलर ने पुरूषों की त्रिकूद में दूसरी सबसे लंबी कूद लगाकर स्वर्ण पदक जीते। 
इससे पहले 100 मीटर दौड़ में भी गैटलिन को पीछे छोड़ने वाले जमैकाई एथलीट बोल्ट ने 200 मीटर में 19.55 सेकंड का समय निकाला और इस तरह से फिर साबित कर दिया कि फर्राटा दौड़ में उनका कोई सानी नहीं है। 
 
बर्डस नेस्ट स्टेडियम में सभी की निगाहें बोल्ट और गैटलिन पर टिकी हुई थी। गैटलिन ने सेमीफाइनल में बोल्ट को पीछे छोड़ा था लेकिन 100 मीटर की तरह जमैका के एथलीट ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन फाइनल के लिए बचाकर रखा था। 
 
गैटलिन उनके करीब भी नहीं फटक पाए और उन्हें 19.74 सेकंड के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका के अनासो जोबोदवाना ने 19.87 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक हासिल किया। बोल्ट का यह विश्व चैंपियनशिप में 200 मीटर दौड़ में चौथा स्वर्ण पदक है। 
 
उन्होंने 2008 में बीजिंग ओलंपिक खेलों से लेकर अब तक 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में 12 में से 11 स्वर्ण पदक जीते हैं। वह केवल दीगू में 2011 में विश्व चैंपियनशिप में 100 मीटर में गलत शुरुआत के कारण खिताब नहीं जीत पाए थे। बोल्ट ने बाद में कहा, ‘कोई संदेह नहीं है। मैंने आपको कहा था कि मैं जीत दर्ज करूंगा। जब 200 मीटर की बात आती है तो मैं अलग तरह का इंसान बन जाता हूं।’ 
 
फेलिक्स ने महिलाओं की 400 मीटर में भाग लेने के अपने फैसले का सही साबित करते हुए 49.26 सेकंड में रेस जीती। यह इस साल का सर्वश्रेष्ठ समय भी है। बहामा की शानी मिलर ने 49.67 सेकंड के साथ रजत जबकि जमैका की शेरिका जैकसन ने 49.99 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक हासिल किया। 
 
ओलंपिक चैंपियन क्रिस्टियन टेलर ने भी अमेरिका का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने पुरुषों की त्रिकूद में अपने अंतिम प्रयास में 18.21 मीटर की दूरी नापी। केवल ब्रिटेन के विश्व रिकॉर्डधारक जोनाथन एडवर्डस ने ही उनसे लंबी छलांग लगाई है। 
 
एडवर्डस ने 1995 में 18.29 मीटर छलांग लगाई थी। क्यूबा के प्रेडो पाब्लो पिचाडरे ने 17.73 मीटर छलांग लगाकर रजत पदक जीता जबकि पुर्तगाल के पूर्व ओलंपिक चैंपियन नेल्सन इवोरा (17.52 मीटर) को कांस्य पदक मिला। 
 
महिलाओं के हैमर थ्रो फाइनल का स्वर्ण पदक पोलैंड की अनिता वलोडारजैक ने जीता। उन्होंने 80.85 मीटर हैमर फेंका। चीन की च्यांग वेंझी (76.33 मीटर) दूसरे और फ्रांस की अलेक्सांद्रा तेवरनियर (74.02 मीटर) तीसरे स्थान पर रही। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi