Publish Date: Sun, 17 Jul 2016 (15:08 IST)
Updated Date: Sun, 17 Jul 2016 (15:11 IST)
नई दिल्ली। डब्ल्यूबीओ एशिया पैसेफिक चैंपियन का खिताब जीतने के बाद खुशी से लबरेज लेकिन साथ ही काफी थके हुए भारतीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह थोड़े दिन तक इस जीत का लुत्फ उठाने के बाद पाकिस्तान में जन्मे ब्रिटिश स्टार आमिर खान से भिड़ने की संभावना तलाशेंगे।
तीस वर्षीय विजेंदर ने शनिवार रात दर्शकों के अपार समर्थन के बीच पूर्व डब्ल्यूबीसी यूरोपीय चैंपियन कैरी होप को 10 दौर के मुकाबले में हराकर सुपर मिडिलवेट खिताब जीता। यह उनकी लगातार 7वीं जीत है। इस जीत से वे डब्ल्यूबीओ रैंकिंग में 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं और उन्हें अगले 2 महीनों में अपने खिताब का बचाव करना होगा।
उन्होंने अपने इस खिताब जीत को स्व. मोहम्मद अली को समर्पित किया। जीत के कुछ मिनटों बाद ही हालांकि उनसे सवाल कर दिया गया कि अब आगे की क्या योजना है? विजेंदर का शुरुआती जवाब था कि मैं कुछ दिनों तक संभवत: 1 महीने तक विश्राम करना चाहता हूं और उसके बाद देखूंगा कि आगे क्या करना है।
लेकिन मुकाबले के बाद संवाददाता सम्मेलन में उनके भविष्य को लेकर सवालों की झड़ी समाप्त नहीं हुई तो आखिर में इस मुक्केबाज ने अपने विकल्प बताए। उन्होंने कहा कि मैं विश्व रैंकिंग में अब शीर्ष 15 में पहुंच जाऊंगा। अब मुझे कड़े मुकाबले मिलेंगे और मैं उनके लिए तैयार हूं। मैं अपने प्रशिक्षकों और टीम के साथ काम करूंगा।
विजेंदर ने कहा कि मेरा और आमिर का भार वर्ग भिन्न है इसलिए यदि वह अपना भार बढ़ा देता है या मैं अपना भार कम कर देता हूं तभी हम इस पर बात आगे बढ़ा सकते हैं। हम इस पर विचार कर रहे हैं इसलिए देखते हैं कि क्या होता है? मुझे उम्मीद है कि जब यह बड़ा मुकाबला होगा तो यह केवल भारत में होगा। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Sun, 17 Jul 2016 (15:08 IST)
Updated Date: Sun, 17 Jul 2016 (15:11 IST)