Publish Date: Sun, 13 Mar 2016 (13:42 IST)
Updated Date: Sun, 13 Mar 2016 (13:49 IST)
30 वर्षीय विजेंदर ने अपने प्रो करियर के पहले तीनों मुकाबले दोनों राउंड के अंदर निपटाने के बाद शनिवार को सांपों का खून पीने वाले हंगरी के मुक्केबाज एलेक्जेंडर होरवाथ को एकतरफा अंदाज में तीसरे ही राउंड में ठोंककर अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की।
विजेंदर ने कहा कि लगातार चौथी जीत दर्ज करने से मैं बहुत खुश हूं और आने वाले मुकाबलों को लेकर काफी उत्साहित हूं। एक और नॉकआउट मुकाबला जीतने से मैं काफी खुशी महसूस कर रहा हूं। यह जीत जम्मू-कश्मीर और पठानकोट में आतंकी हमले में शहीद भारतीय सैनिकों को समर्पित करता हूं। इस मुकाबले को लेकर मैंने काफी तैयारियां की थीं, क्योंकि मुकाबला 1 महीने के लिए स्थगित कर दिया गया था जिस कारण मुझे तैयारी करने के लिए काफी समय मिला।
ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय मुक्केबा विजेंदर ने इससे पहले 3 पेशेवर मुकाबले खेले थे और तीनों ही मुकाबलों में उन्होंने विरोधी को नॉकआउट कर दिया था।
विजेंदर ने कहा कि रिंग में मैंने दिखा दिया कि इस मुकाबले को लेकर मैंने कितनी मेहनत की थी। होरवाथ ने मुझे काफी चुनौती दी लेकिन मेरे पंच ने उनकी चुनौती का शानदार जवाब दिया। यहां पर सभी ने मेरा समर्थन किया इसके लिए मैं सबका शुक्रिया अदा करता हूं। मेरे फोन पर पूरे समय प्रशंसकों का समर्थन और सहयोग का संदेश आता रहा। वे सब मुझसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे थे और मुझे खुशी है कि मैं अपने प्रशंसकों की उम्मीदों पर खड़ा उतरा।
विजेन्दर का अगला मुकाबला 2 अप्रैल को होगा। हालांकि मैच कहां होगा इसका निर्णय अभी होना बाकी है। पूर्व विश्व नंबर वन विजेन्दर ने कहा कि मुझे लगता है कि 2 अप्रैल और फिर उसके बाद भारत में 11 जून को होने वाले डब्ल्यूबीओ एशिया के खिताबी मुकाबले से पहले मेरे लिए यह शानदार शुरुआत है।
विजेन्दर के प्रशिक्षक ली बीयर्ड ने इस जीत पर कहा कि विजेन्दर का उसके खेल पर नियंत्रण था और उन्होंने यहां उसका पूरा आनंद लिया। उन्होंने डिफेंस और पंच का काफी अभ्यास किया था जिसका फायदा यहां होरवाथ के खिलाफ देखने को मिला। उनके इस प्रदर्शन से मैं काफी खुश हूं, लेकिन आगे अभी बहुत कुछ करना बाकी है। (वार्ता)