Publish Date: Mon, 04 Jan 2016 (20:11 IST)
Updated Date: Mon, 04 Jan 2016 (20:17 IST)
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने राष्ट्रीय फुटबॉल टीम को सातवीं बार सैफ कप का खिताब जीतने के लिए बधाई दी है और साथ ही कप्तान सुनील छेत्री की शानदार प्रदर्शन के लिए सराहना की।
भारत ने पिछले टूर्नामेंट में अफगानिस्तान के हाथों हार का बदला चुकता करते हुए गत चैम्पियन टीम को रविवार को रात तिरुवनंतपुरम में 2-1 से हराकर खिताब जीता।
कोहली ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, सातवीं बार सैफ कप जीतने के लिए भारतीय टीम को बधाई। अतिरिक्त समय में सुनील छेत्री द्वारा दागा गया विजयी गोल शानदार था। कोहली इंडियन सुपर लीग की एफसी गोवा फ्रेंचाइजी के सह मालिक हैं।
भारत को काठमांडू में 2013 सैफ कप के फाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ 0-2 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
कल अफगानिस्तान को जुबायिर आमिरी ने 69वें मिनट में बढ़त दिलाई थी जिसके बाद जेजे लालपेखलुआ (72वें मिनट) और छेत्री (101वें मिनट) ने भारत की जीत सुनिश्चित की। (भाषा)