Publish Date: Sun, 01 Nov 2015 (14:41 IST)
Updated Date: Sun, 01 Nov 2015 (14:45 IST)
बिलबाओ (स्पेन)। मौजूदा चैंपियन विश्वनाथन आनंद की अपना खिताब बचाए रखने की कवायद को करारा झटका लगा, क्योंकि इस भारतीय स्टार ने बिलबाओ मास्टर्स फाइनल शतरंज टूर्नामेंट के 5वें दौर में अमेरिकी वेस्ली सो से ड्रॉ खेला।
पिछले दौर में नीदरलैंड्स के अनीस गिरी के हाथों हार झेलने के बाद आनंद ने जीत के लिए काफी कोशिश की लेकिन वे वेस्ली के मजबूत रक्षण को नहीं भेद पाए। वेस्ली और गिरी अभी संयुक्त बढ़त पर हैं।
दिन की अन्य बाजी गिरी ने चीन के लिरेन डिंग के साथ ड्रॉ खेली। अब जबकि केवल एक दौर का खेल बचा हुआ तब गिरी और वेस्ली 7-7 अंक के साथ शीर्ष पर हैं जबकि आनंद और डिंग दोनों के 4-4 अंक हैं।
आनंद इस तरह से खिताब की दौड़ से बाहर हो गए हैं, क्योंकि आखिरी दौर में गिरी और वेस्ली आमने-सामने होंगे। (भाषा)