Publish Date: Thu, 01 Jun 2017 (23:05 IST)
Updated Date: Thu, 01 Jun 2017 (23:11 IST)
डसेलडोर्फ। मनिका बत्रा और मोउमा दास गुरुवार को विश्व टेबल टेनिस चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय जोड़ी बन गईं। पुरुष एकल में शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय शरत कमल ने उक्रेन के कोउ लेइ को 11-3, 11-9, 14-12, 11-3 से हराकर अंतिम 32 में जगह बनाई।
मोउमा और मनिका का किस्मत ने भी साथ दिया जिन्हें नीदरलैंड की लि जिए और पोलैंड की लि कुइयान पर वॉकओवर मिला। कुइयान बीमार होने के कारण कल रात अस्पताल में भर्ती थीं।
अब मोउमा और मनिका का सामना चीन की डिंग निंग और लियू शिवेन से होगा। दूसरी ओर विश्व रैंकिंग में 43वें स्थान पर काबिज शरत ने 24वीं रैंकिंग वाले उक्रेनी प्रतिद्वंद्वी को आसानी से हराया। अब उनका सामना ऑस्ट्रिया के हाबेसोहिन या चीन के लिन गाओयुआन से होगा। महिला एकल में मनिका की टक्कर कोरिया की किम क्युंगा से होगी। (भाषा)