Publish Date: Tue, 03 Nov 2015 (21:02 IST)
Updated Date: Tue, 03 Nov 2015 (21:07 IST)
नई दिल्ली। योगेश्वर दत्त मंगलवार को पहली प्रो कुश्ती लीग की नीलामी में सबसे महंगे भारतीय पहलवान रहे जिन्हें हरियाणा ने 39 लाख 70 हजार रुपए में खरीदा जबकि दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार को उत्तर प्रदेश ने 38 लाख 20 हजार रुपए में खरीदा। उक्रेन के ओकसाना हरहेल हालांकि सबसे महंगे बिके जिन्हें हरियाणा ने 41 लाख 30 हजार रुपए में खरीदा।
कुल छह फ्रेंचाइजी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मुंबई और बेंगलूर ने 54 पहलवानों को खरीदा। हर टीम में पांच भारतीय और चार विदेशी पहलवान होंगे। टूर्नामेंट के दौरान हर टीम के लिए पांच भारतीय और चार विदेशी पहलवानों को उतारना जरूरी होगा।
हर टीम ने एक आइकन खिलाड़ी खरीदा जिनमें सुशील (74 किलो), योगेश्वर (65 किलो), नरसिंह यादव (74 किलो), गीता फोगाट (महिला 58 किलो), एडेलिन ग्रे (अमेरिका, 69 प्लस किलो) और सोफिया मेटिसन (स्वीडन, महिला 53 किलो ) शामिल हैं ।
ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप विजेताओं की बेस प्राइज 33 लाख रुपए थी और हर टीम को खिलाड़ियों को खरीदने के लिए दो करोड़ रुपए मिले थे। (भाषा)