Publish Date: Mon, 28 Dec 2015 (20:21 IST)
Updated Date: Mon, 28 Dec 2015 (20:22 IST)
नई दिल्ली। नए साल के पहले एटीपी टेनिस टूर्नामेंट चेन्नई ओपन से हट गए देश के स्टार टेनिस खिलाड़ी यूकी भांबरी सोमवार को जारी ताजा विश्व रैंकिंग में 93वें स्थान के साथ शीर्ष भारतीय बने हुए हैं, जबकि सोमदेव देववर्मन तीन स्थानों की छलांग लगाकर 177वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
पुरुषों के एकल वर्ग में साकेत मिनैनी 170वें स्थान पर कायम हैं, जबकि युगल वर्ग में रोहन बोपन्ना नौवें, लिएंडर पेस 41वें और पूरव राजा 93वें स्थान पर बरकरार हैं।
महिलाओं के एकल वर्ग में अंकिता रैना 263वें पायदान पर पहुंच गई हैं, लेकिन प्रेरणा भांबरी एक स्थान के नुकसान के साथ 416वें स्थान पर खिसक गई हैं, जबकि युगल वर्ग में विंबलडन और यूएस ओपन चैंपियन सानिया मिर्जा का शीर्ष पर दबदबा कायम है। प्रार्थना थोंबरे 32 स्थान की छलांग लगाकर 265वें पायदान पर पहुंच गई हैं। (वार्ता)