राष्ट्रीय महिला चैम्पियन और ग्रैंडमास्टर तानिया सचदेव ने महिलाओं की एशियाई शतरंज चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में वियतनाम की होआंग थिताओ ब्राम नी पर शानदार जीत दर्ज की और अपनी बढ़त को बरकरार रखा।
काले मोहरों से खेलते हुए तानिया ने ब्राम से कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की। पहले दौर में शीर्ष रैंकिंग की भारतीय खिलाड़ी तानिया ने चीन की झांग जियाओन को शिकस्त दी थी। अब तानिया का मुकाबला ले थांह तू से होगा।
दूसरी वरीय चीन की हुआंग कियान ने पूर्व राष्ट्रीय चैम्पियन स्वाति घाटे को हराया। वह संयुक्त रूप से शीर्ष पर बनी हुई हैं। महिला ग्रैंडमास्टर निशा मोहता ने ईरान की शादी परिदार को मात दी। अगले दौर में निशा का मुकाबला हुआंग कियान से होगा।