तोपालोव फाइनल में
अब मुकाबला चैम्पियन आनंद से
Publish Date: Sun, 08 Jul 2007 (23:13 IST)
Updated Date: Sun, 08 Jul 2007 (23:12 IST)
वेसेलिन तोपालोव ने उज्बेकिस्तान के ग्रैंड मास्टर रुस्तम कासिमझानोव को यहाँ 2.5-1.5 से हराकर लियोन शतरंज टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया और उनका खिताबी मुकाबला विश्व के नंबर एक खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद से होगा।
बल्गारिया के ग्रैंड मास्टर तोपालोव ने शुरुआती दोनों बाजियाँ जीत ली। तीसरी जीत कासिमझानोव के खाते में गई मगर तोपालोव आखिरी बाजी ड्रॉ खेल फाइनल में पहुँचने में कामयाब रहे।
कासिमझानोव काले मोहरों से खेलने के बावजूद पहली बाजी में मजबूत स्थिति में थे, लेकिन समय के दबाव में वह 40वीं और 57वीं चाल में जीत की संभावनाओं को देखने में नाकाम रहे।
ये भूलें कासिमझानोव के लिए महँगी साबित हुई और तोपालोव ने उन्हें 70वीं चाल पर हथियार डालने को मजबूर कर दिया।
दूसरी बाजी में कासिमझानोव के पास सफेद मोहरों से खेलने का फायदा था। दोनों खिलाड़ियों ने बाजी को किंग्स इंडियन वेरिएशन से आगे बढ़ाया।
काले मोहरों से खेलने के बावजूद तोपालोव ने अपनी सजगता से कासिमझानोव पर दबाव बना लिया और आखिर में बाजी जीतने में कामयाब रहे।
अब कासिमझानोव को मुकाबले में बराबरी करने के लिए बाकी दोनों बाजियाँ जीतनी थी मगर वह ऐसा करने में नाकाम रहे।
तोपालोव ने मुकाबला जीतने के बाद कहा कि पहली बाजी में कासिमझानोव जीत की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन मेरी खुशकिस्मती से उन्होंने जीत का यह अवसर गँवा दिया।
कासिमझानोव ने कहा कि पहली और दूसरी दोनों बाजियों में मेरे सामने जीत के मौके थे। इस पराजय के बावजूद मुझे संतोष है कि मैंने तोपालोव को अच्छी टक्कर दी।
पिछले साल भी इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आनंद और तोपालोव के बीच ही खेला गया था। अब तक छह बार यह टूर्नामेंट जीत चुके आनंद ने इस मुकाबले में तोपालोव को पराजित किया था।