पल्लीकल शीर्ष 10 में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी
नई दिल्ली , शनिवार, 1 दिसंबर 2012 (22:16 IST)
शीर्ष स्क्वाश महिला खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल शनिवार को विश्व रैंकिंग के शीर्ष 10 में पहुंचने वाली पहली भारतीय बन गईं।पल्लीकल ने 5175.75 अंक से महिला अंतरराष्ट्रीय स्क्वाश खिलाड़ी संघ द्वारा जारी रैंकिंग में तीन पायदान की छलांग से 10वें स्थान पर पहुंच गईं। वे डब्ल्यूएसए रैंकिंग में शीर्ष 20 में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी भी थीं। 2011 में तीन विस्पा टूर खिताबों से वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 13 रैंकिंग हासिल करने में सफल रही थीं।एक साल पहले चेन्नई की यह 21 वर्षीय खिलाड़ी 17वीं रैंकिंग पर काबिज थीं। अर्जुन पुरस्कार हासिल कर चुकीं पल्लीकल का अगला लक्ष्य अब अपनी रैंकिंग में सुधार कर शीर्ष पांच में जगह बनाना है। छह बार की विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया की सारा फिट्ज जेराल्ड इस भारतीय खिलाड़ी को कोचिंग दे रही हैं।भारत की जोशना चिनप्पा ने भी साल के अंत की रैंकिंग में एक पायदान के सुधार से 31वां स्थान हासिल किया। पल्लीकल यूरोपीय जूनियर स्क्वाश सर्किट में जर्मन ओपन, डच ओपन, फ्रेंच ओपन, ऑस्ट्रेलियन ओपन और स्काटिश ओपन जीत चुकी हैं। (भाषा)