Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

लंदन में चलेगा भारतीय तीरंदाजों का जादू

Advertiesment
हमें फॉलो करें लंदन में चलेगा भारतीय तीरंदाजों का जादू
नई दिल्ली , शुक्रवार, 13 जुलाई 2012 (18:12 IST)
FILE
बीजिंग ओलिम्पिक में भाग लेने वाले भारत के एकमात्र पुरुष तीरंदाज मंगल सिंह चंपिया भले ही चार साल पूर्व कोई पदक हासिल करने से चूक गए हों, लेकिन उनका मानना है कि लंदन ओलिम्पिक में भारतीय तीरंदाज निराश नहीं करेंगे।

चंपिया कड़ी मेहनत के बावजूद लंदन ओलिम्पिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए लेकिन उनका कहना है कि उभरती तीरंदाज दीपिका कुमारी इस समय पूरे फार्म में हैं और पूरी संभावना है कि दीपिका की बदौलत महिला वर्ग में भारत कोई न कोई तमगा जरूर हासिल करेगा।

हालांकि उन्होंने कहा कि शानदार तालमेल वाली भारतीय पुरुष तीरंदाजों जयंत तालुकदार, राहुल बनर्जी और तरूणदीप राय की टीम को कम नहीं आंका जा सकता है और उन्होंने लंदन ओलिम्पिक के लिए क्वालीफाई करने के लिए कड़ी मेहनत की है।

जमशेदपुर के अर्जुन पुरस्कार विजेता चंपिया ने कहा कि पूरी उम्मीद है कि लंदन ओलिम्पिक में (तीरंदाजी की स्पर्धाओं में) कोई न कोई पदक आएगा क्योंकि सभी खिलाड़ी अच्छी फार्म में हैं। लड़कियों ने विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था और लग रहा है कि वे ओलिम्पिक में भी कमाल करके दिखाएंगी।

बीजिंग ओलिम्पिक 2008 में भारतीय पुरुष वर्ग में केवल चंपिया क्वालीफाई कर पाए थे लेकिन उनकी चुनौती दूसरे दौर में समाप्त हो गई थी। इस बार पुरुष वर्ग में जयंत, राहुल और तरुणदीप जबकि महिला वर्ग में दीपिका कुमारी, एल. बोम्बालया देवी और चेकरोवोलु स्वुरो ने क्वालीफाई किया है। भारतीय तीरंदाज दोनों ही वर्गों में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में भाग लेंगे।

चंपिया ने कहा कि भारतीय तीरंदाजों को कोरिया, अमेरिका, इटली, जापान जैसे देशों से कड़ी टक्कर मिलेगी, लेकिन भारत सहित सभी देशों के तीरंदाज अपना प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं और दबाव को नियंत्रित करके प्रदर्शन करने वाले तीरंदाज ही जीत दर्ज करेंगे।

दोहा 2006 एशियाई खेलों की टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले चंपिया ने कहा कि जयंत, राहुल और तरूणदीप में शानदार तालमेल है। हम सभी शीर्ष 10 तीरंदाज पिछले चार साल से लंदन ओलिम्पिक की तैयारियों में लगे थे लेकिन अंतिम ट्रायल में शीर्ष पांच में से तीन तीरंदाजों को लिया जाना था, मैं और अतनु चूक गए।

उन्होंने कहा कि हम सभी प्रार्थना कर रहे हैं कि जयंत, राहुल और तरूणदीप की जोड़ी कोई न कोई पदक हासिल करके लौटे। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi