राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाली इंग्लैंड टीम के दल प्रमुख क्रेग हंटर ने कहा कि दिल्ली में सुरक्षा को लेकर वे पूरी तरह से हैं। उन्होंने कहा कि हम यहाँ की सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट हैं। मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि अगर कुछ खिलाड़ियों ने अपना नाम वापस भी लिया है तो उसके पीछे सुरक्षा की चिंता नहीं है।
हंटर ने कहा कि 1972 म्यूनिख ओलिम्पिक में खिलाड़ियों की नृशंस हत्या के बाद से ही अंतरराष्ट्रीय खेलों के दौरान सुरक्षा की चिंता बनी रहती है। सुरक्षा एजेंसियाँ यहाँ जिस तरह काम कर रही हैं उससे चिंताएँ दूर हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ खिलाड़ियों ने अगर नाम वापस लिया भी है तो उसके पीछे सुरक्षा चिंता नहीं, बल्कि व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर है। हालाँकि उसके बावजूद इंग्लैंड की टीम में कुछ ओलिम्पिक और विश्व चैंपियन मौजूद हैं।
इंग्लिश टीम के दलप्रमुख ने खेल की तारीफ करते हुए कहा कि दिल्ली का खेल बीजिंग ओलिम्पिक से कहीं बेहतर है। उन्होंने कहा कि यहाँ की सुविधाओं ने लंदन ओलिम्पिक के लिए एक मानक तय कर दिए हैं। हालाँकि हरेक खेल बेहतर होता जाता है, लेकिन यहां काफी कुछ नया है।
अन्य देशों के खेलों में एथलीटों के लिए आमतौर पर एक बाथरूम होता है, लेकिन यहाँ हर फ्लैट में दो-तीन बाथरूम हैं। इसके अलावा यहाँ हर कमरे में सिर्फ दो खिलाड़ियों को ठहराया जाएगा। हंटर ने खेल की प्रशिक्षण सुविधाओं की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि कई स्पर्द्धाओं के लिए यहाँ उम्दा प्रशिक्षण सुविधाएँ हैं। (नईदुनिया)