Publish Date: Fri, 29 Nov 2019 (21:49 IST)
Updated Date: Fri, 29 Nov 2019 (21:53 IST)
मुंबई। नित नए रिकॉर्ड बनाकर अब तक के सर्वाधिक रिकॉर्ड स्तर 41,143 अंक के पार पहुंचने पर हुई मुनाफावसूली के साथ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में आर्थिक विकास दर में भारी गिरावट की आशंका में निवेशकों के सतर्कता बरतने के दबाव में घरेलू शेयर बाजार 2 दिनों की तेजी खोता हुआ शुक्रवार को गिरावट लेकर बंद हुआ।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 336.36 अंक गिरकर 41 हजार अंक से नीचे 40,793.81 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 95.10 अंक गिरकर 12,056.05 अंक पर रहा। दिग्गज कंपनियों में जहां बिकवाली देखी गई वहीं छोटी और मझौली कंपनियों में लिवाली का जोर रहा जिससे बीएसई का मिडकैप 0.16 प्रतिशत बढ़कर 15,084.86 अंक और स्मॉलकैप 0.47 प्रतिशत बढ़कर 13,560.57 अंक पर रहा।
बीएसई में टेलीकॉम 2.54 प्रतिशत, रियल्टी 0.90 प्रतिशत और पावर 0.40 प्रतिशत की बढ़त को छोड़कर शेष सभी समूह गिरावट में रहे। एनर्जी में सबसे अधिक 1.46 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बीएसई में कुल 2,751 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें से 1,187 बढ़त और 1,368 गिरावट में रहे, जबकि 196 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
वैश्विक स्तर पर अधिकांश प्रमुख शेयर बाजार गिरावट में रहे। ब्रिटेन का एफटीएसई 0.21 प्रतिशत, जर्मनी का डैक्स 0.01 प्रतिशत, जापान का निक्की 0.49 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 2.03 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.45 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.61 प्रतिशत की गिरावट में रहा।
webdunia
Publish Date: Fri, 29 Nov 2019 (21:49 IST)
Updated Date: Fri, 29 Nov 2019 (21:53 IST)