यह रिश्ता क्या कहलाता है
12 जनवरी से रात्रि 9.30 बजे, स्टार प्लस पर
रंजन शाही की डायरेक्टर्स कट प्रोडक्शन द्वारा निर्मित यह रिश्ता क्या कहलाता है एक प्रेम कहानी है, जिसका विस्तार घर वालों की मर्जी से की गई शादी के बाद होता है। कैसे दो लोग शादी के बाद पवित्र बंधन में बँधते हैं और कैसे उनके बीच प्यार पल्लवित होता है, यह धारावाहिक में दिखाया जाएगा।स्टार प्लस द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' का प्रसारण 12 जनवरी से रात्रि 9.30 बजे होगा। यह धारावाहिक वर्तमान दौर में संबंधों में आ रही दरारों में मरहम लगाने का काम करेगा। भारतीय संस्कृति, परंपरा, मूल्य और सहजता के तानेबाने में गुथी इसकी कहानी समाज में परिवार के निर्माण मूल्यों के लिए स्टार प्लस के आदर्शों से मेल खाती है। समाज में सांस्कृतिक बनावट में तेजी से बिखराव हो रहा है। यह धारावाहिक दो लोगों के बीच, जो शादी के पहले एक-दूसरे के लिए पूरी तरह से अजनबी होते हैं, समझ, आपसी संवाद और प्यार के लिए माहौल का निर्माण करने की ओर प्रवृत्त है। सहज तरीके से यह रिश्ता क्या कहलाता है भारतीय समाज की बुनावट को मजबूती प्रदान करने के लिए पारंपरिक विवाह को पुन: स्थापित करने की कोशिश करता है। इस धारावाहिक पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सीनियर क्रिएटिव विवेक बहल ने कहा यह रिश्ता क्या कहलाता है माता-पिता द्वारा किए गए पारंपरिक विवाह में प्यार की अवधारणा को स्थापित करने की कोशिश करता है। अपने इर्दगिर्द की दुनिया में यह सर्वोत्तम विरोधाभास का निर्माण करता है, हमारे समाज में जहाँ पर विवाह को पवित्र समझा जाता है और अब यह अपनी पवित्रता खो रहा है, सुविधा के संबंध के रूप में तब्दील हो रहा है। इसकी कहानी अक्षरा के इर्दगिर्द घूमती है, जो शर्मीली, शांत और आज्ञाकारी बेटी है, जिसका लालन-पालन एक पारंपरिक मारवाड़ी परिवार में एक राजकुमारी की तरह हुआ है। प्रारंभ से ही उसे एक रक्षात्मक माहौल मिला है। उसका वास्ता सिर्फ प्यार और सुरक्षा से रहा है। देखभाल करने वाली उसकी माँ या उसके अनुशासन प्रिय पिता या उसकी बुद्धिमान और प्यारी दादी से इतर उसे एक अलग जीवन से सामना करना पड़ता है। अक्षरा के लिए शीघ्र ही उसके इच्छित शादी के पल आते हैं और उसे अपने परिवार से अलग भावनाओं का अनुभव होता है। शादी के साथ ही उसके जीवन में नए संबंध, नई भावनाएँ और एक पूर्णत: नया वातावरण आता है। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण उसे एक अनूठे संबंध का पता चलता है, जिसे प्यार कहा जाता है। यही प्यार उसे सभी बाधाओं से गुजरने में मदद करता है। एक आदर्श लड़की से नए संबंधों को समझने की उसकी यात्रा की यह कहानी है। नई परिस्थितियों में सहज तरीके से वह अपने पति के प्यार की ओर उन्मुख होती है। 'यह रिश्ता..' एक सुकुमार दिल के नए परिवेश में इच्छाओं और आकांक्षाओं के साथ परिपक्व होने की गाथा है।
इस धारावाहिक में अक्षरा का किरदार हिना खान निभा रही हैं जो 21 वर्ष की लड़की से एक परिपक्व महिला के रूप में तब्दील होती हैं। वहीं दूसरी ओर प्रसिद्ध कलाकार विनीता मलिक, संजीव सेठ, लता सभरवाल और अमदीर अपने सहज अभिनय से दर्शकों का मनोरंजन करते हुए दिखाई देंगे।
अक्षरा के जीवन और प्यार का हिस्सा बनने के लिए, देखिए यह रिश्ता क्या कहलाता है।