'सात फेरों में' धारावाहिक अब अपनी नई पीढ़ी के साथ आगे बढ़ रहा है तथा इसका नेतृत्व धारावाहिक में नई कलाकार के रूप में एंट्री लेने वाली रचना पारूलेकर कर रही हैं। रचना पारूलेकर धारावाहिक में सलोनी की बेटी हैं, जिन्होंने पहली बार किसी टीवी सीरियल में कैमरे के सामने अभिनय किया। रचना ने अपने अनुभव के बारे में हमें कुछ दिलचस्प बातें भी बताईं -
क्या आपने इसके पूर्व कभी कैमरे के सामने अभिनय किया था?
जी नहीं। कैमरा फेस करने का यह मेरा पहला अनुभव है। केवल अपने फोटोशूट के समय मैंने कैमरा फेस किया था।
शूटिंग का आपका पहला दिन कैसा था?
बहुत ही डरावना था। मैं उस वक्त बहुत ही ज्यादा परेशान और डरी हुई थी, परंतु वहाँ मौजूद सभी लोगों ने मेरा बहुत साथ दिया। उनके साथ कुछ देर काम करने के बाद मेरा सारा डर जाता रहा और मैंने रिलेक्स फील किया।
आप धारावाहिक में राजश्री ठाकुर की बेटी का किरदार निभा रही हैं, आप इस किरदार को लेकर क्या कुछ सोचती हैं?
मैं इस किरदार को लेकर बहुत अधिक उत्साहित हूँ क्योंकि राजश्री इस धारावाहिक में मेरी पसंदीदार कलाकार हैं। उनकी बेटी का किरदार निभाना मेरे लिए बहुत अधिक सौभाग्य और खुशी की बात है।
इस धारावाहिक में अपने चरित्र के बारे में कुछ बताएँ?
मैं इस धारावाहिक में 'साँवरी' का किरदार अदा कर रही हूँ, जो बहुत ही खामोश रहने वाली लड़की है। वह बहुत अधिक अनुशासित और दयालु लड़की है, जो अपने बहनों व भाइयों के लिए कुछ भी कर सकती है।
यह चरित्र आपकी असली जिंदगी से कितनी समानता रखता है?
मैं अपनी असली जिंदगी में 'साँवरी' की तरह खामोश प्रवृत्ति वाली लड़की नहीं हूँ। असली जिंदगी में मैं बहुत ही ज्यादा जिंदादिल और फैशनेबल लड़की हूँ, परंतु अपने किरदार साँवरी की तरह मैं अपनी रियल लाइफ में भी किसी को भी तकलीफ पहुँचाना पसंद नहीं करती हूँ। यही कारण है कि मैं कुछ भी बोलने के पहले बहुत बार सोचती हूँ ताकि मेरे शब्दों से किसी को कोई ठेस नहीं पहुँचे।
आपने अभी अपनी बोर्ड की परीक्षा दी है? आप इस परीक्षा के परिणामों के बारे में क्या आशा करती हैं? क्या आप चिंतित हैं?
मैं नहीं जानती क्योंकि शूटिंग के कारण मैं अपने परीक्षा परिणाम के बारे में सोचना भूल गई हूँ और टेंशन फ्री होकर मस्ती कर रही हूँ। मुझे यह पता है कि एक महीने बाद मेरा रिजल्ट आने वाला है इसलिए मैं थोड़ी सी नर्वस जरूर हूँ।
क्या आपने अभिनय की कोई प्रोफेशनल ट्रेनिंग ली है?
नहीं, मैंने अभिनय की कोई ट्रेनिंग नहीं ली है। मैं ऑडिशन के लिए आई और मेरा सिलेक्शन इस धारावाहिक के लिए हो गया।
आपका रियलिटी शो में भाग लेने के बारे में क्या विचार है? यदि आपको मौका मिला तो क्या आप इस प्रकार के शो में भाग लेंगी?
हाँ, मैं जरूर डांस पर आधारित किसी रियलिटी शो का हिस्सा बनना पसंद करूँगी क्योंकि डांस को ही खाती हूँ, उसी को ही पीती हूँ और उसी में जीती हूँ। मेरा मानना है कि रियलिटी शो प्रतिभा को मंच प्रदान करने में एक बेहतर प्लेटफार्म की तरह भूमिका अदा करते हैं।
आपका आईपीएल में किस टीम को सपोर्ट करना चाहेंगी?
हर भारतीय की तरह मुझे भी क्रिकेट देखना पसंद है परंतु मुझे लगता है कि पिछली बार की तरह इस बार भी आईपीीएल भारत में ही होना चाहिए थे। पिछले वर्ष जब आईपीएल भारत में हुए थे तब मैंने स्टेडियम में बैठकर बहुत मस्ती की थी और मैच का लुत्फ उठाया था। रही बात सपोर्ट की तो बेशक मैं एक मुंबइया लड़की हूँ इसलिए मैं मुंबई इंडियन टीम के साथ हूँ।
About Writer
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।....
और पढ़ें