हर आदमी गा नहीं सकता, नाच नहीं सकता, कॉमेडी नहीं कर सकता। मगर बहुत लोग हैं जो तरह-तरह के कौतुक करते हैं। ये आम लोग होते हैं, जो खुद की खुशी के लिए करतब करते हैं। इस तरह उन्हें लगने लगता है कि वे भी कुछ खास हैं। ऐसे ही लोगों को ध्यान में रखकर बनाया गया है सोनी टीवी पर आने वाला कार्यक्रम "एंटरटेनमेंट के लिए कुछ भी करेगा"।
वाकई इस शो में लोग "कुछ भी" ही करते हैं। कुछ भी का मतलब मलखंब, मुँह से गिटार बजाना, कंघे में कागज फँसाकर उसकी पुंगी बनाना और बजाना, कुछ भी... शर्त यह है कि जो कुछ भी आप करें वो निहायत बेतुका होना चाहिए और लोगों को वो बेतुकापन देखने की इच्छा होनी चाहिए।
एक साहब का दावा था कि वे शर्ट को जब पैंट में इन कर लें तो पाँच आदमी भी मिलकर उनका शर्ट ओपन नहीं कर सकते। वाकई लोगों ने कोशिश की और नाकाम हुए। बाद में पता चला कि साहब योगासन करते हैं और पेट फुलाकर इन्होंने पेंट इतनी टाइट कर ली थी कि शर्ट न निकल सके।
सोनी टीवी ने खुद को बदला है। साथ ही यह भी महसूस किया है कि लोग अब रियलिटी शो से ऊब गए हैं। कॉमेडी शो और डांस शो भी अब दर्शकों को बोर कर रहे हैं। सो अब ये नया शो लेकर आ गए हैं। इस शो के जज हैं अनु मलिक और फराह खान। दोनों ही बेमुरव्वती और बदतमीजी के लिए मशहूर हैं।
इस शो में कोई मिमिक्री करे, गाना गाए या नाचे तो उसे जलील कर दिया जाता है। कभी अकेले अनु मलिक करते हैं तो कभी फराह भी इस काम में यथोचित सहयोग करती हैं। जिस गाने, जिस डांस और जिस नाच ने कभी टीआरपी को आसमान में पहुँचा दिया था अब उसकी ऐसी बेकदरी हो गई है कि मिमिक्री करने वाले से छूत के रोगी की तरह परहेज बरता जा रहा है। गाने वालों की भोंडी नकल करके जज उसका मजाक उड़ा रहे हैं। नाचने वाले के सामने जम्हाइयाँ ली जा रही हैं। इस शो में केवल एक चीज चाहिए और वो है बेढंगापन, और अजीबोगरीब हरकतें।
इस तरह का एक शो स्टार वन पर भी आया था जिसमें जज थे नवजोतसिंह सिद्धू और मंदिरा बेदी। इस शो के न चलने की वजह यह थी कि इसके जज बदतमीज नहीं थे। बदतमीज और उजड्ड होना भी अब एक काबिलियत बन गया है। दूसरी वजह यह थी कि ये शो वक्त से पहले आ गया था। तीसरी यह कि इसमें कॉमेडी की मिलावट थी। बेढंगापन शुद्ध होना चाहिए, बिना मिलावट के। एकदम खांटी। जैसे यह शो है।
फिर एक दिन लोग इस बेढंगेपन से भी ऊब जाएँगे। जो भी चैनल ऊब को जल्दी से पकड़ लेगा वो सफल रहेगा। सोनी टीवी के पास अब भी बहुत से ऐसे शो हैं, जिनसे जनता जुड़ी हुई है। स्टार वन की सबसे बड़ी सफलता "नच बलिए" थी। सोनी टीवी "इंडियन आईडल" और "कॉमेडी सर्कस" लेकर आया। नब्ज को पहचानने में सोनी चैनल पीछे नहीं है। अब देखिए कि उसने लोगों की कौतुकप्रियता को ही टीआरपी में तब्दील कर दिया।