करण मेहरा जो कि टीवी धारावाहिक ‘विरूद्ध’ में वेदांत की भूमिका निभा रहे हैं और ‘बेटियाँ अपना या पराया धन’ भी कर रहे हैं का पहला प्यार थिएटर हैं। करण को अभिनय का रोग स्कूल में ही लग गया था। उसने स्कूल में कई नाटकों में हिस्सा लिया। भारत के 18 कलाकारों में करण का भी चयन हुआ था जिन्हें ड्रामा काम्पिटिशन में हिस्सा लेने रशिया भेजा गया था।
करण ने दिल्ली में ड्रामा गुरु बैरी जॉन के निर्देशन में प्रशिक्षण लिया है। उसे वहाँ से ‘ए’ ग्रेड का सर्टिफिकेट मिला था। हालांकि जॉन ने करण को कुछ दिन और रूकने को कहा ताकि उसके अभिनय में और सुधार लाया जाए लेकिन करण को तो मुंबई जाने की जल्दी थी। करण को मुंबई में अपने सपने पूरे करना थे।
गुरु जॉन का कहना है कि करण में ढेर सारी संभावनाएँ छुपी हुई है और उसमें आत्मविश्वास कूट-कूट कर भरा हुआ है जो कि किसी भी कलाकार में होना आवश्यक है। मैं चाहता था कि वह कुछ दिन और रूके लेकिन मुझे खुशी है कि मुंबई में हम फिर साथ में काम करेंगे। बैरी जॉन ने मुंबई में ‘बैरी जॉन एक्टिंग स्टुडियो’ खोल लिया है। इस कारण करण को फिर से जॉन के साथ काम करने का मौका मिलेगा। करण अभिनय की बारीकियाँ जॉन से सीख सकेंगे।
करण का कहना है कि बैरी जॉन ने मेरा अभिनय के प्रति दृष्टिकोण को बदला था। उन्होंने मुझे इस कला से प्यार करना सीखाया। मेरे खयाल से थिएटर किसी भी कलाकार के लिए श्रेष्ठ माध्यम है, क्योंकि थिएटर में आपको अपने काम का पता आपके सामने बैठे दर्शकों के जरिए तुरंत पता चलता है। टेलीविजन और फिल्मों में एक सीमित दायरे में रहकर काम करना पड़ता है।