Television Articles %e0%a4%a6%e0%a4%bf%e0%a4%b2 %e0%a4%b8%e0%a5%87 %e0%a4%a6%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a4%be %e0%a4%b5%e0%a4%9a%e0%a4%a8 110102500065_1.htm

Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

दिल से दिया... वचन

Advertiesment
दिल से दिया वचन
PR
ज्यादातर धारावाहिकों में सास-बहू के नाम पर किचन पॉलिटिक्स, प्रताड़ना या मेलोड्रामा दिखाया जाता है, लेकिन जी टीवी पर 25 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे धारावाहिक ‘दिल से दिया.... वचन’ में इस रिश्ते को सकारात्मक तरीके से पेश किया जाएगा। इसमें सास-बहू, माँ-बेटी की तरह रहेंगी। धारावाहिक की इसी खासियत के कारण नीना गुप्ता ने इसमें अभिनय करना मंजूर किया।

नीना को डेली सोप करना बिलकुल भी पसंद नहीं हैं। वे कहती हैं ‘डेली सोप के लिए बहुत समय देना पड़ता है। मैंने अब शादी कर ली है। उम्र हो चली है। बेटी डिजाइनर बन गई है, उसका करियर सँवारना है। इसलिए मैं रोजाना दिखाए जाने वाले धारावाहिकों से दूर रहती हूँ। जब मेरे पास ‘दिल से दिया... वचन’ का प्रस्ताव आया तो मुझे कहानी बहुत अच्छी लगी। इसमें सास-बहू की किटकिट नजर नहीं आएगी। कुछ सास अपनी बहुओं के साथ माँ की तरह पेश आती हैं और उन्हें माँ की तरह व्यवहार करना भी चाहिए क्योंकि बहू अपना सब कुछ छोड़कर आपके पास रहने के लिए आई है।‘

अपनी भूमिका के बारे में वे चर्चा करते हुए कहती हैं ‘मैं डॉ. कल्याणी का रोल अदा कर रही हूँ, जो एक आदर्श माँ और पत्नी है। जिसने अपना सारा जीवन मानवता के लिए समर्पित कर रखा है। कल्याणी अपनी बहू को बेहद चाहती है और हमेशा उसके पक्ष में खड़ी रहती है।‘

एक अभिनेत्री के रूप में टीवी की दुनिया में नीना ने एक लंबा सफर तय किया है। बुनियाद, खानदान, साँस जैसे कई उम्दा धारावाहिक उनके नाम हैं। पहले के और वर्तमान में बन रहे धारावाहिक में क्या परिवर्तन वे पाती हैं, पूछने पर वे कहती हैं ‘निश्चित रूप से पहले बनने वाले धारावाहिक बेहतर हुआ करते थे। चरित्रों को बहुत ही उम्दा तरीके से लिखा और पेश किया जाता था। एक्टर के रूप में संतुष्टि मिलती थी। अब भले ही धारावाहिकों में ज्यादा पैसा आ गया है, लेकिन पहले वाली बात नदारद है। जहाँ तक नए कलाकारों का सवाल है तो सभी बेहतरीन हैं।‘

नीना की बेटी मसाबा बड़ी हो गई है और इस धारावाहिक में नीना, मसाबा द्वारा डिजाइन की गई ड्रेसेस पहनेंगी। मसाबा के बारे में नीना बताती हैं ‘मसाबा ने अभिनेत्री बनने का सोचा था, लेकिन जब मैंने उसे समझाया कि उसका चेहरा भारतीय नहीं है और इस वजह से उसे हर तरह के रोल नहीं मिलेंगे तो वह मान गई।‘

नीना की बहू की भूमिका निभाई है वंदना जोशी ने। ‘दिल से दिया... वचन’ को प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार रात 7 बजे देखा जा सकता है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi