पूजा बेदी और हनीफ की जोड़ी को बेहतर नृत्य करने के बावजूद ‘नच बलिए 3’ से असमय बिदा होना पड़ा। पूजा को इस तरह से जाना बिलकुल अच्छा नहीं लगा और वह बेहद अपसेट है।
पूजा की नजरों में कार्यक्रम से बाहर होने का कारण दर्शकों के वोट के बजाय जज हैं। पूजा कभी भी जजों द्वारा दिए गए नंबरों और टिप्पणियों से खुश नही थी। खासकर कार्यक्रम की एक जज कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेण्ट की टिप्पणियों से।
पूजा के मुताबिक वैभवी की टिप्पणियाँ अच्छा परफॉर्म करने के बावजूद बड़ी तीखी रहती थी, इससे दर्शक भी प्रभावित हो जाते थे और इस जोड़ी को वोट नहीं मिल पाते थे।
कार्यक्रम के एक एपिसोड के दौरान पूजा ने इस बात को वैभवी के सामने भी उठाया था। इस पर वैभवी तिलमिला गई थी और उसने पूजा को जज की कुर्सी पेश की थी।
इस समय पूजा फिर से डांस की तैयारी कर रही है क्योंकि बाहर हुई जोडि़यों में से एक जोड़ी को वाइल्ड कार्ड के जरिए फिर से कार्यक्रम में प्रवेश मिलेगा।
पूजा का कहना है कि वह अनुबंध से बँधी हुई है इसीलिए वह वाइल्ड कार्ड एंट्री के लिए तैयारी कर रही है, वरना उसकी इस कार्यक्रम में भाग लेने की बिलकुल भी इच्छा नहीं है। वह तो दर्शकों से कह रही है कि उसे वोट मत दीजिए।
जजों के रूखे व्यवहार (डेविड धवन को छोड़कर) के अलावा पूजा को कार्यक्रम के फार्मेट पर भी ऐतराज है। पूजा के मुताबिक ‘नच बलिए’ के मुकाबले ‘झलक दिखला जा’ ज्यादा उम्दा कार्यक्रम है।
उस कार्यक्रम में जजों का व्यवहार इतना रूखा नहीं है और प्रतियोगी जजों से अपनी परफॉर्म पर खुले मन से बात करता है। इस कारण इस कार्यक्रम की टीआरपी ‘नच बलिए’ के मुकाबले लगातार बढ़ती जा रही है।