अपने ही तरह का अनूठा ‘राखी का स्वयंवर’ अब समाप्ति की ओर है। 2 अगस्त की रात को फैसला हो जाएगा कि राखी किसे अपना पति चुनेंगी। इलेश पारुजनवाला, मानस कत्याल और क्षितिज जैन में से किसी एक के गले में राखी वरमाला डालेंगी।
इलेश का दावा सबसे मजबूत अभी तक प्रसारित एपिसोड देखने के बाद यह अनुमान लगाया जा सकता है कि राखी मिसेस पारुजनवाला बन सकती हैं। इलेश के लिए राखी ने हमेशा अच्छा ही कहा है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये उन्होंने इलेश के माता-पिता और बहन से बात की और राखी को इलेश का परिवार अच्छा लगा। साथ ही इलेश आर्थिक रूप से भी मजबूत हैं। फिल्म उद्योग से वे जुड़ना चाहते हैं और राखी के लिए मुंबई में भी बस सकते हैं। इलेश की 6 गर्लफ्रेंड्स रह चुकी हैं और यही बात राखी को खटक सकती है कि इलेश जैसे इनसान की उन लड़कियों से कैसे नहीं पटी।
मानस : उम्र बन सकती है बाधा मानस से राखी सात वर्ष बड़ी हैं। आजकल उम्र का फासला मायने नहीं रखता। संभवत: राखी के लिए रखता है क्योंकि कई बार वे इस बारे में बोल चुकी हैं। साथ ही वे ये जोड़ना भी नहीं भूलतीं कि मानस अपनी उम्र से कहीं ज्यादा मैच्योर हैं। मानस की फैमिली के साथ-साथ मानस को भी वे बेहद पसंद करती हैं। मानस के खिलाफ दो बातें जाती हैं। उम्र और आर्थिक पहलू।
क्षितिज : कमजोर दावेदार तीनों उम्मीदवारों में से क्षितिज सबसे कमजोर हैं। क्षितिज ने यह कहकर अपना दावा और कमजोर कर लिया है कि राखी को देख उनके दिल में अभी तक घंटी नहीं बजी है। अगर राखी को आप चाहते ही नहीं हो तो स्वयंवर में आए ही क्यों? क्षितिज का अंतिम तीन में स्थान बनाना किसी आश्चर्य से कम नहीं है।
कहा जा रहा है कि राखी अभी सिर्फ सगाई करेंगी। जिसे भी वे चुनेंगी उसके साथ वे समय बिताएँगी। उसे परखेंगी। यदि वह राखी की अपेक्षाओं पर खरा उतरता है तो राखी उसे अपना जीवनसाथी बना लेंगी।