’बिग बॉस’ के घर से पिछले सप्ताह बाहर होने वाली संभावना सेठ एक बार फिर उस घर में जाना चाहती हैं। उस घर से उनका मन अभी भरा नहीं है, साथ ही उन्हें हाउस मेट्स से कुछ हिसाब भी बराबर करना है।
भोजपुरी फिल्मों में चर्चित संभावना ने ‘बिग बॉस’ शो के जरिए पूरे भारत में अपनी पहचान बना ली। जितनी हॉट वे फिल्मों में दिखाई देती हैं, उतनी ही दिमाग से भी वे गरम हैं।
‘बिग बॉस’ में मौजूद लगभग हर सदस्य से उन्होंने पंगा लिया। गालियाँ बकीं। फूट-फूट कर रोईं। खिलखिलाकर हँसी। नि:संदेह वे इस घर की सबसे चर्चित सदस्यों में से एक थीं।
‘बिग बॉस’ के घर से बाहर आकर वे सभी सदस्यों के खिलाफ आग उगल रही हैं। पायल रोहतगी से उनका पंगा लंबा चला। पायल ने उन्हें बेहद भला-बुरा कहा और अब पायल को संभावना ‘दुनिया की सबसे घटिया औरत’ बता रही हैं।
उनका कहना है कि पायल और राहुल रात में एक ही बिस्तर पर एक ही कंबल ओढ़कर सोते हैं और कपड़े धोने के बहाने दोनों बाथरूम में बंद हो जाते हैं। पता नहीं अंदर क्या होता होगा।
राहुल महाजन से भी वे सख्त नाराज हैं। राहुल ने सामने तो उन्हें बहना-बहना कहा, लेकिन पीठ पीछे खूब बुराई की। राजा से भी उनकी खूब लड़ाई हुई, इसके बावजूद वे राजा को बुरा इंसान नहीं मानती।
‘बिग बॉस’ के शो में वापस जाने के पीछे उनकी मंशा यह है कि उन्होंने बाहर आकर टीवी पर देख लिया कि उनके बारे में किसने क्या बोला। अब वे अंदर जाकर सबसे हिसाब चुकता करना चाहती हैं। बाहर आकर उन्हें एक नई ऊर्जा मिली है, साथ ही सबकी असलियत से वे अच्छी तरह परिचित भी हो गई हैं, इसका लाभ उन्हें मिल सकता है।
संभावना वाइल्ड कार्ड के जरिए अंदर जा सकती हैं और इसके लिए उन्हें लोगों पर निर्भर रहना होगा क्योंकि वे फैसला करेंगे कि अंदर कौन जाएगा। फिलहाल संभावना बाहर अकेली हैं और जमकर बरस रही हैं। हो सकता है कि उन्हें इस बहाने कुछ बड़ी फिल्मों में काम करने का अवसर मिल जाए।
About Writer
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।....
और पढ़ें