टेलीविजन का लोकप्रिय धारावाहिक ‘क्या हुआ तेरा वादा’ जल्द ही बंद हो सकता है। गिरती टीआरपी की वजह से इस सीरियल के बंद होने के कयास लगाए जा रहे हैं।
खबरों के अनुसार 250 एपिसोड पूरा कर चुके इस शो की कहानी ने हाल ही में दस सालों की छलांग लगाई थी। मोना सिंह, मौली गांगुली और हितेन तेजवानी जैसे मशहूर कलाकार होने के बावजूद यह शो पर्याप्त टीआरपी जुटाने में असफल रहा। शो का प्रसारण बंद करने के पीछे इसकी घटती लोकप्रियता को वजह बताया जा रहा है।
कुछ दिनों पहले इस शो को लेकर अफवाहों का बाजार भी गर्म था। सुनने में आया था कि मौली गांगुली शो छोड़ रही हैं लेकिन ऎसा कुछ नहीं हुआ। अब इसकी कहानी दर्शकों का मनोरंजन करने में असफल साबित हो रही है।
इन अफवाहों के बारे में मौली ने बताया कि मैं एक अभिनेत्री हूं और अपना काम ईमानदारी से करने में विश्वास रखती हूं। कई बार दर्शकों को कहानी से जोड़े रखना मुश्किल हो जाता है। जब दर्शक कहानी से खुद को जोड़ने में असमर्थ महसूस करते हैं तो उनकी दिलचस्पी खत्म होने लगती है।
मौली के अनुसार शो के बंद होने के कई कारण हो सकते हैं। यह भी हो सकता है कि दर्शक खुद को शो की नई पीढ़ी से जोड़ नहीं पा रहे हों। साफ जाहिर है कि, मौली शो की कहानी दस साल आगे बढ़ाने को इसकी घटती लोकप्रियता की वजह मानती हैं।