चालीस से अधिक धारावाहिक और ‘जिंदगी रॉक्स’ फिल्म के निर्माता बीएजी फिल्म्स मीडिया लिमिटेड का नया धारावाहिक ‘दहेज’ हाल ही में ‘नाइन एक्स’ चैनल पर शुरू हुआ है। यह धारावाहिक प्रत्येक सोमवार से गुरुवार रात साढ़े आठ बजे प्रसारित होगा। ‘दहेज’ एक भावना प्रधान कहानी है। इसकी मुख्य पात्र है कल्याणी नामक एक साहसी लड़की। कल्याणी अपने पिता की आँखों का तारा है। कल्याणी का भाग्य अपनी बड़ी बहन कृतिका से जुड़ा हुआ है। एक पंडित के मुताबिक दोनों बहनों को सदा एक ही छत के नीचे रहना पड़ेगा। दोनों बहनों का स्वभाव एक-दूसरे से जुदा है। कल्याणी कठिन परिश्रम में विश्वास रखती है, जबकि कृतिका आलसी है। कल्याणी अपने चहेतों के लिए अपनी खुशियाँ कुर्बान कर सकती है, लेकिन कृतिका की सोच इससे अलग है।
दोनों बहनें गुजरात से मुंबई पहुँचती है और एक ही इंसान सोहम मेहता से प्यार कर बैठती है। यहीं से इस धारावाहिक की कहानी में उतार-चढ़ाव आते हैं। गुजरात की पृष्ठभूमि पर आधारित इस धारावाहिक में प्यार, घृणा, और जुनून का मिश्रण है।
इस धारावाहिक का निर्देशन प्रसाद गोवंडी ने किया है। इसमें मुख्य भूमिका अनीषा कपूर, मुस्कान, दीपिशिखा और भुवनेश ने निभाई है।