Publish Date: Sat, 28 Jan 2017 (11:45 IST)
Updated Date: Sat, 28 Jan 2017 (14:04 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अब चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई है। सपा गठबंधन ने अखिलेश और राहुल के नेतृत्व में मैदान संभाल दिया है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के कर्णधार राहुल गांधी तथा अखिलेश यादव रविवार को सार्वजनिक मंच पर एक साथ होंगे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव एक पंचतारा होटल में दोपहर करीब एक बजे संयुक्त संवाददाता सम्मेलन करेंगे। दोनो का रोड शो का भी कार्यक्रम है। राज्य विधानसभा का चुनाव कांग्रेस और सपा मिलकर लड़ रहे हैं। विधानसभा की कुल 403 सीटों में से 105 पर कांग्रेस और 298 पर सपा के लड़ने का समझौता हुआ है।
कांग्रेस पार्टी के उच्चपदस्थ सूत्रों ने बताया कि दोनो नेताओं का 14 रैलियों को संयुक्त रुप से संबोधित करने की योजना है। सात चरणों में विधानसभा का चुनाव हो रहा है। प्रत्येक चरण में दो-दो जनसभाओं को संयुक्त रुप से संबोधित करने की योजना है।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस चाहती है कि उसे रायबरेली और अमेठी की सभी 10 सीटों पर उम्मीदवार खड़े करने दिया जाए। उसका तर्क है कि इटावा, मैनपुरी, आजमगढ और कन्नौज जैसे सपा के प्रभाव वाले जिलों में कांग्रेस ने सभी सीटें सपा के लिए छोड दी हैं तो सपा को भी रायबरेली और अमेठी की सीटें कांग्रेस के लिए छोडनी चाहिए। रायबरेली से सोनिया गांधी और अमेठी से राहुल गांधी सांसद हैं।
इस विषय पर राहुल गांधी और अखिलेश के बीच बातचीत होगी या नहीं इसकी जानकारी तो नहीं मिल सकी है लेकिन दोनों मिलकर साझा कार्यक्रम की घोषणा कर सकते हैं।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और राहुल गांधी के बीच बातचीत भी हो सकती है, लेकिन बातचीत सीटों के बजाए कार्यक्रमों और भावी योजनाओं पर आधारित होगी। (भाषा)