Publish Date: Fri, 24 Feb 2017 (21:55 IST)
Updated Date: Fri, 24 Feb 2017 (21:57 IST)
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व मंत्री आजम खान आज बाल-बाल बच गए। वे उत्तरप्रदेश के चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने के दौरे पर थे। बहराइच के साथ अंबेडकरनगर में जनसभा को संबोधित कर लौट रहे थे तभी अचानक उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई जिसको देख हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करंद गांव के आलू के खेत में करवानी पड़ी।
यह बात अच्छी रही कि करंद गांव के आलू के खेत में आजम खान के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग समय रहते करवा ली गई वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। जैसे ही जिला प्रशासन के कानों तक यह खबर पहुंची कि आजम खान के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई है वह आलू के खेत में खड़ा है तो अधिकारियों में हडकंप मच गया और आनन-फानन में सभी अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
सूत्रों के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क मार्ग से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व मंत्री आजम खान को लखनऊ के लिए रवाना कर दिया है। वैसे एक बार हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी के कारण चिंतित हो गए थे।